Prayagraj News : मुख्य सचिव आज करेंगे महाकुंभ के कार्यों की समीक्षा
महाकुंभ-2025 के मद्देनजर प्रस्तावित निर्माण कार्य जनवरी से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पहले से हो रहे निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र बृहस्पतिवार को प्रयागराज में होंगे।
विस्तार
माघ मेले की तैयारियां अधूरी तैयारियों को आज परखेंगे मुख्य सचिव
सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दिन रात काम होने के बाद भी माघ मेले की तैयारियां तय समय पर पूरी नहीं की जा सकी हैं। दोबारा अवधि बढ़ाए जाने के बाद भी अभी माघ मेले के प्रमुखल मार्गों पर बिजली के बल्ब तक नहीं जलाए जा सके हैं। संतों-भक्त्रों औ कल्पवासियों के लिए 22 दिसंबर तक बिजली, पानी, सड़क, सफाई के इंतजामों को पूरा करने की अवधि तय की गई है, लेकिन बृहस्पतिवार को मुख्य सचिव के आगे व्यवस्था की पोल खुलनी तय है।
बृहस्पतिवार को अधूरी तैयारियों के बीच मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र महीने भर के अंतर पर दूसरी बार इंतजामों को देखने पहुंच रहे हैं। जिस तरह विद्युतीकरण से लेकर चकर्ड प्लेट मार्गों और पेयजल के अलावा अन्य मूलभूत इंतजामों से जुड़े काम पिछड़े हुए हैं, उससे एक बार फिर समय बढ़ाने के अलावा कोई चारा नहीं है। संगम की रेती पर महाकुंभ के रिहर्सल के रूप में माघ मेला बसाने की तैयारियां इस बार पिछड़ने की वजह से दिक्कतें आ रही हैं।
मुख्य सचिव के आगमन से पहले तैयारियों की समीक्षा के दौरान जल निगम, स्वास्थ्य विभाग के अलावा पीडब्ल्यूडी के कार्य अपूर्ण पाए गए। इसी के साथ दिन रात लगकर काम पूरा कराने के लिए कहा गया है। उधर, भूमि आवंटन के साथ ही समूहों में बसने वाली संस्थाओं को सुविधा पर्ची भी आवंटित की जाने लगी है और शिविर लगने लगे हैं। खाक चौक में त्यागी-तपस्वी संतों की ओर से भंडारा भी शुरू करा दिया गया है। छह जनवरी 2023 को पौष पूर्णिमा स्नान के साथ माघ मेला आरंभ होगा। माघ मेले का दूसरा सबसे बड़ा स्नान पर्व मकर संक्रांति का 14 जनवरी को होगा। इसी के साथ संगम की रेती पर महीने भर के जप, तप, ध्यान का कल्पवास आरंभ हो जाएगा।
भूमि पूजन के बाद डॉ. राधाचार्या के शिविर का निर्माण आरंभ
श्रीराधा आध्यात्मिक सत्संग समिति की संस्थापक डॉ. राधाचार्या ने माघ मेला क्षेत्र के सेक्टर- दो स्थित संगम-अपर मार्ग पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सविधि भूमि पूजन किया। सुविधा पर्ची जारी होने के साथ ही शिविर का निर्माण आरंभ कर दिया गया। पूजा-अर्चना, हवन और भंडारा पांच जनवरी से शुरू होगा।
खाक चौक में भूमि आवंटन पर संतों का विवाद सीएम तक पहुंचा
माघ मेला बसाने से पहले खाक चौक में भूमि आवंटन में गड़बड़ी का मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गया है। 271 मुकामधारियों की जगह तीन सौ से अधिक संतों को भूमि आवंटित किए जाने के बाद भी अभी कई बाबाओं को जमीन नहीं मिल सकी है। इसी सीएम से शिकायत के बाद बुधवार को खाक चौक के एक गुट के अध्यक्ष सीतारामदास के नेतृत्व में कई संत मेला दफ्तर पहुंचे। वहां मेलाधिकारी ने जांच कराकर गड़बड़ी सुधारने का भरोसा दिलाया।
खाक चौक व्यवस्था समिति के एक गुट के अध्यक्ष महामंडलेश्वर सीतारामदास त्यागी, बृजमोहन दास उर्फ बंशी बाबा सहित दर्जनों संतों की देर शाम मेला कार्यालय में हुई बैठक में प्रशासन ने गड़बड़ी सुधारने का भरोसा दिलाया। मेलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बृहस्पतिवार को पैमाइश कराकर गड़बड़ी दूर कराने की बात कही। उधर, सीताराम दास ने गड़बड़ी के लिए मेला अफसरों को जिम्मेदार ठहराया। इस मौके पर जंगल महराज, स्वामी रामेश्वर दास सहित कई संतों का कहना था कि अगर विवाद नहीं सुलझा तो वह दोबारा सीएम योगी और मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र से मिलकर मेला प्रशासन के रवैये से अवगत कराएंगे।