प्रयागराज नगर निगम : इस बार कई वार्ड में भाजपा से टिकट की चाह में मुस्लिम
भाजपा की ओर मुस्लिमों का झुकाव बढ़ने लगा है। शायद यह पहला मौका है कि जब नगर निकाय चुनाव में शहर के कई वार्ड से मुस्लिमों ने भी पार्षद पद के लिए भाजपा संगठन से टिकट मांगा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा की ओर मुस्लिमों का झुकाव बढ़ने लगा है। शायद यह पहला मौका है कि जब नगर निकाय चुनाव में शहर के कई वार्ड से मुस्लिमों ने भी पार्षद पद के लिए भाजपा संगठन से टिकट मांगा है। अब आधा दर्जन वार्ड से मुस्लिम प्रत्याशियों द्वारा टिकट के लिए आवेदन किया जा चुका है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद यह संख्या और बढ़ सकती है।
मुस्लिमों द्वारा टिकट मांगने से पार्टी पदाधिकारी भी खासे उत्साहित हैं। शहर में दरियाबाद, जीटीबी नगर, दायरा शाह अजमल, मिन्हाजपुर, जहांगीराबाद आदि वार्ड ऐसे हैं जहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या काफी है। ऐसे में पार्टी ने भी ऐसे वार्डों में मुस्लिमों को उतारने की योजना बनानी शुरू कर दी है। भाजपा का अल्पसंख्यक मोर्चा भी इसे लेकर मिशन मोड पर काम कर रहा है।
अल्पसंख्यक मोर्चा का दावा है कि सभी 100 वार्ड में उसके सदस्य है। वहीं दूसरी ओर अल्पसंख्यक मोर्चा और आरएसएस के मुस्लिम मंच की ओर से भी कुछ वार्ड से मुस्लिम प्रत्याशी को खड़ा करने की रणनीति बना ली गई है। वहीं दूसरी ओर जिन लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया है उसमें दरियाबाद वार्ड से बिलाल अहमद, जीटीबी नगर से जरीना आबिद, दायराशाह अजमल से मो. फैजान और कमर जहां, नया कटरा से रेहाना खातून, मुट्टीगंज से एखलाक खान, जहांगीराबाद से इमरानुद्दीन सिद्दीकी, अशोक नगर से शीबा परवीन, आजाद स्क्वायर वार्ड से पूर्व पार्षद शैला बेगम आदि ने पार्षद चुनाव के लिए आवेदन किया है। मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने इसकी पुष्टि भी की है।
संघ भी मुस्लिमों को जोड़ने की रणनीति पर कर रहा है काम
मुस्लिम मतदाताओं को जोड़ने के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ भी खास रणनीति पर काम कर रहा है। पिछले दिनों संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी इंद्रेश कुमार ने भी एक कार्यक्रम में मुस्लिमों से संवाद किया था। संघ के अभियान से प्रभावित होकर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में भी काफी संख्या में मुस्लिम जुड़ चुके हैं। उधर संघ से जुड़ने और संघ को जानने के लिए भी अल्पसंख्यक समाज को लगातार प्रेरित किया जा रहा है।
पीएम मोदी और सीएम योगी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर अल्पसंख्यक समुदाय लगातार भाजपा से जुड़ रहा है। इसी वजह से इस बार काफी लोगों ने टिकट के लिए आवेदन भी किया है। - राहिल हसन, महानगर अध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्चा