Prayagraj : विमान में यात्री के पास मिला कांटा-चम्मच, 20 मिनट देर से रवाना हुई फ्लाइट
पास में बैठे यात्री ने आपत्ति भी जताई तथा एयर होस्टेज को सूचना दी। विमान के कर्मचारियों ने यात्री से पूछताछ के साथ बैग आदि की दोबारा जांच कराई। अधिकारियों ने बताया कि तीन इंच से अधिक एवं नुकीले वस्तु को हवाई सफर में साथ ले जाने के लिए इजाजत नहीं है।
विस्तार
बमरौली एयरपोर्ट पर सोमवार दोपहर में दिल्ली रवाना के लिए तैयार विमान में एक यात्री के पास कांटा चम्मच मिलने से हड़कंप मच गया। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई। इसकी वजह से फ्लाइट भी देर से रवाना हो सकी। इस घटना से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। फ्लाइट को दिन में करीब साढे़ बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरना था। उससे पहले विमान में सवार सिविल लाइंस स्थित रविशा होटल के मालिक अपने पास से कांटा चम्मच निकाल कर नाश्ता करने लगे। विमान में कांटा चम्मच देखकर कर्मचारी एवं यात्री दहशत में आ गए।
पास में बैठे यात्री ने आपत्ति भी जताई तथा एयर होस्टेज को सूचना दी। विमान के कर्मचारियों ने यात्री से पूछताछ के साथ बैग आदि की दोबारा जांच कराई। अधिकारियों ने बताया कि तीन इंच से अधिक एवं नुकीले वस्तु को हवाई सफर में साथ ले जाने के लिए इजाजत नहीं है। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार कांटा चम्मच विमान से हटाया गया। इसके बाद करीब 20 मिनट देर से फ्लाइट रवाना हो पाई।
वहीं होटल मालिक के भाई रामजी अग्रहरि का कहना है कि उन्होंने फल खाने के लिए कांटा चम्मच निकाला था। यात्रियों की आपत्ति पर उन्होंने कांटा चम्मच वापस कर दिए।
उधर, इस घटना से एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है। प्रत्येक यात्री की सघन जांच की जाती है। इसके अलावा हर सामान को स्कैनर से गुजारा जाता है। इसके बावजूद विमान में कांटा चम्मच पहुंचने को बड़ी चूक माना जा रहा है। इसकी जांच का आदेश दिया गया है।