Prayagraj Incident : कोल्ड स्टोरेज हादसे के बाद मौके पर बुलाई गई जिले भर की एंबुलेंस, मची चीख पुकार
फाफामऊ में कोल्ड स्टोरेज धराशायी होने के बाद उसमें डेढ़ दर्जन से अधिक मजदूर दब गए। हादसा उस समय हुआ जब बड़ी संख्या में मजदूर अंदर आलू का भंडारण कर रहे थे। हादसा अमोनिया गैस की टंकी फटने से बताया जा रहा है।
विस्तार
फाफामऊ में कोल्ड स्टोरेज धराशायी होने के बाद उसमें डेढ़ दर्जन से अधिक मजदूर दब गए। घटना की बहुत भीभत्स तस्वीरें सामने आई हैं। बचाव कार्य जारी है। जिले भर की एंबुलेंस को राहत और बचाव कार्य में लगा दिया गया है। हादसा उस समय हुआ जब बड़ी संख्या में मजदूर अंदर आलू का भंडारण कर रहे थे। हादसा अमोनिया गैस की टंकी फटने से बताया जा रहा है, जबकि घायल मजदूरों का कहना है कि कोल्ड स्टोरेज में क्षमता से अधिक भंडारण होने के कारण यह हादसा हुआ है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई है।
प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर आवागमन रोक दिया गया है। बचाव कार्य में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम के साथ फायर ब्रिगेड की टीम और कई थानों की पुलिस जुटी है। मलबा हटाने के लिए एक दर्जन से अधिक जेसीबी लगाई गई है। जिले भर के एंबुलेंस को बचाव कार्य में लगा दिया गया है। घटनास्थल से लेकर एसआरएन अस्पताल तक चीख पुकार मची हुई है।
चारों तरफ सिर्फ एंबुलेंस के सायरन की गूंज ही सुनाई दे रही है। हादसे में आठ मजदूरों के मौत की बात कही जा रही है, जबकि यह संख्या अभी और भी बढ़ सकती है। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। अधिकांश मजदूर बिहार के सहरसा के रहने वाले हैं जो कोल्ड स्टोरेज के पास परिवार के साथ रहते हैं। मलबे में दबने से कई बच्चे भी घायल हो गए हैं।