प्रयागराज : सड़क हादसे में पिता, दो बेटों और नाती समेत पांच की मौत, घर में मचा कोहराम
पुलिस ने बताया कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें नवाबगंज के बुदौना गांव निवासी राम सरन पाल (60) उनके पुत्रों में लल्लू पाल (35), समय लाल (35) एवं नाती अर्जुन पाल (11) के साथ रामचंदर पाल उर्फ ऊंटहरा (55) की सड़क हादसे में मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नवाबगंज के श्रृंगवेरपुर में कोखराज-हंडिया बाईपास पर रविवार रात हुए दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। सभी सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। मृतकों में पिता व दो पुत्रों समेत एक ही परिवार के चार लोग भी शामिल थे। हादसा तब हुआ जब सभी लोग शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
नवाबगंज के बुदौना गांव निवासी रामसरन पाल(60) के प्रतापगढ़ हथिगवां स्थित गड़ेरियन का पूरा निवासी रिश्तेदार संतलाल पाल के बेटे की रविवार को शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए वह भी परिवार सहित पहुंचे थे। रात करीब 11.30 बजे सभी घर लौटने लगे। इसमें रामसरन के साथ ही उनके दो बेटे लल्लू पाल(36) समय लाल(34) पौत्र अर्जुन पाल(11) पुत्र लल्लू व पड़ोसी रामचंद्र पाल उर्फ ऊंटहरा (55) शामिल थे। सभी लोग दो बाइकों से कोखराज-हंडिया हाईवे पर श्रृंगवेरपुर के निकट पहुंचे।
इनमें से एक बाइक रामसरन का बेटा जबकि दूसरी बाइक शादी में शामिल एक अन्य मेहमान चला रहा था। हाईवे पर पहुंचने के बाद दूसरी बाइक पर सवार मेहमान चला गया जबकि रामसरन व उसके परिजन सवारी वाहन का इंतजार करने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आया अज्ञात वाहन उन्हें रौंदते हुए निकल गया। कुछ देर बाद उधर से होकर गुजरे राहगीरों ने खून से लथपथ शव देखे तो आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी। लेकिन तब तक अर्जुन को छोड़कर अन्य की मौत हो चुकी थी।
अर्जुन को लेकर पुलिस अस्पताल जाने लगी लेकिन रास्ते में ही उसकी भी सांसें थम गईं। जिसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम हुआ और इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। नवाबंगज इंस्पेक्टर ने बताया कि हादसा किस वाहन से हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।
खुशियों वाले घर में भी छाया मातम
हादसे की खबर मृतक रामसरन केरिश्तेदार संतलाल के घर पहुंची तो वहां मातम छा गया। शादी में शामिल लोगों में भी कोहराम मच गया। हादसे की खबर पर लोग समारोह से सीधे घटनास्थल की ओर भागे। मौकेपर पहुंचकर लहुलुहान हालत में शव पड़े देख उनके होश उड़ गए। परिजन वहीं फूट-फूटकर रोने लगे।
देवरानी जेठानी का एक साथ उजड़ गया सुहाग
कौड़िहार/मंसूराबाद। सड़क हादसे में राम सरन की मौत के साथ ही उनकी दो बहुएं सुनीता देवी पत्नी लल्लू लाल पाल एवं नीलम देवी पत्नी समय लाल का एक साथ सुहाग उजड़ गया। हादसे ने सुनीता को दोहरा जख्म दे दिया जिसमें पति के साथ ही उसके बेटे की भी मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले पड़ोसी रामचंद्र की पत्नी अइलही का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा।
साथ जलीं पांच चिताएं, ग्रामीणों की भी आंखें हुईं नम
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार की देर शाम स्थानीय कुसेसर घाट पर मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर भारी तादाद में जुटे ग्रामीणों के ऑखें नम थी। अंतिम संस्कार में पूर्व मंत्री अंसार अहमद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दूधनाथ पटेल, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष चंद्रकेश पाल, मंडल अध्यक्ष राजू पाल के साथ ही तमाम जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण शामिल रहे। इस मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया।