Prayagraj Crime News : नलकूप के पास सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या
सुरेश उर्फ साधू (75) खेती करते थे। घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर ही खेत में उनका नलकूप स्थित है। वहीं पर वह रोजाना रात में सोते थे। रविवार की रात भी खाना खाने के बाद वह नलकूप पर चले गए। सोमवार सुबह जब वह घर नहीं आए तो परिजन उन्हें खोजते हुए पहुंचे।
विस्तार
थाना क्षेत्र स्थित सुजौना ग्राम पंचायत के पूरे किन्नर गांव में नलकूप पर सो रहे किसान सुरेश चंद्र द्विवेदी (75) की गोली मारकर हत्या का दी गई। सुबह उनका खून से लथपथ शव मिलने पर सनसनी फैल गई। परिजनों ने संपत्ति विवाद में हत्या का आरोप लगाते हुए मृतक के सगे भतीजे समेत तीन को नामजद कराया है। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।
सुरेश उर्फ साधू (75) खेती करते थे। घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर ही खेत में उनका नलकूप स्थित है। वहीं पर वह रोजाना रात में सोते थे। रविवार की रात भी खाना खाने के बाद वह नलकूप पर चले गए। सोमवार सुबह जब वह घर नहीं आए तो परिजन उन्हें खोजते हुए पहुंचे। इस दौरान उनका खून से लथपथ शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उनके पेट में जख्म था और ऐसा लग रहा था कि गोली मारकर उनकी हत्या की गई।
जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। कुछ ही देर में सीओ बारा व एसपी यमुनापार के साथ डॉग स्क्वॉयड भी मौके पर पहुंच गया। मामले में मृतक के पुत्र की तहरीर पर मृतक के भतीजे उमापति के साथ गांव के ही ललित व बृजकिशोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जान से मारने की धमकी दी थी
सूत्रों का कहना है कि मृतक के छोटे भाई राजदेव की बीते दिसंबर में मौत हो गई थी। उसकी मौत के बाद उसकी दो पत्नियां कलावती व रोली मृतक के परिवार के साथ रहने लगी थीं। ऐेसे में जमीन को लेकर आरोपी भतीजे से उसका आए दिन विवाद होता रहता था। तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों में झड़प हुई थी। इस दौरान मृतक को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।
संपत्ति के साथ एक मुकदमे को लेकर भी विवाद की बात सामने आई है। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है। -सौरभ दीक्षित, एसपी यमुनापार