Prayagraj : एयरोसिटी में ढाई लाख लोगों को मिलेगा अपना आशियाना, किफायती दाम में बेचे जाएंगे प्लॉट
नई टाउनशिप एयरोसिटी बसने से ढाई लाख लोगों को अपना आशियाना मिलेगा। 500 हेक्टेयर जमीन से इस टाउनशिप की शुरुआत होने जा रही है। इसके लिए पहली किस्त के तौर पर 100 करोड़ रुपये सरकार ने मंजूर कर दिए हैं।
विस्तार
नई टाउनशिप एयरोसिटी बसने से ढाई लाख लोगों को अपना आशियाना मिलेगा। 500 हेक्टेयर जमीन से इस टाउनशिप की शुरुआत होने जा रही है। इसके लिए पहली किस्त के तौर पर 100 करोड़ रुपये सरकार ने मंजूर कर दिए हैं। शहर में जमीन बची नहीं है और इसकी वजह से गंगा व यमुनापार में जमीन के दाम तेजी से बढ़े हैं। ऐसे में आम लोगों के लिए अपने घर का सपना पूरा कर पाना मुश्किल हो गया है लेकिन अब एयरोसिटी उनके इस सपने को पूरा करने जा रही है। एयरपोर्ट के आसपास इस टाउनशिप की बसावट को लेकर प्रयागराज के लोग उत्साहित हैं।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) पहले चरण में 300 हेक्टेयर जमीन पर 50-50 वर्ग मीटर के 60 हजार प्लॉट बेचने की तैयारी कर रहा है। अन्य क्षेत्रों के मुकाबले प्लॉट किफायती दाम में मिलेंगे और 60 हजार परिवारों को अपनी छत मिल जाएगी। एक परिवार में औसतन चार सदस्य भी हैं तो लगभग ढाई लाख लोगों के लिए अपना घर का सपना पूरा हो जाएगा।
20 साल बाद आ रही योजना का बेसब्री से इंतजार
शहर के लोगों को 20 साल बाद आ रही नई टाउनशिप का बेसब्री से इंतजार है। दो दशक से पीडीए की कोई बड़ी आवासीय योजना न आने से सबसे अधिक फायदा भूमाफिया को हुआ है। बड़ी-बड़ी जमीनों में छोटे-छोटे प्लॉट काटकर ऊंचे दामों पर बेचे गए। नतीजा कि प्रयागराज में जमीन के दाम तेजी से बढ़ और आम लोग अपने घर के लिए तरस गए।
पीडीए की योजनाओं पर लोगों को अधिक भरोसा
पीडीए की योजना पर लोगों को अधिक भरोसा है। कम से कम इस बात को लेकर लोग आश्वस्त हैं कि अगर किसी कारण से प्लॉट नहीं मिला तो भी उनका पैसा फंसेगा नहीं या कोई लेकर नहीं भागेगा। प्लॉट न मिलने की स्थिति में पीडीए निर्धारित समयावधि में धनराशि वापस कर देता है या आवंटियों को किसी दूसरी योजना में समायोजित कर लेता है।
घर के साथ सुविधाएं भी तय
नई टाउनशिप में लोगों को घर के साथ सड़क, पानी, बिजली, नाले-नाली, सीवर जैसी बुनियादी सुविधाएं भी मिलेंगी। साथ ही टाउनशिप के विकास के लिए अस्पताल, स्कूल-कॉलेज, खेल के मैदान, पार्क आदि भी बनाए जाएंगे। खास यह कि इस टाउनशिप को मेट्रो रेल के रूट से भी जोड़ा जाएगा। पीडीए की योजना से इतर शहर के बाहर किसी अन्य क्षेत्र में प्लॉट लेने में मूलभूत सुविधाओं को लेकर अक्सर दिक्कत होती है।
नई टाउनशिप में आम लोगों को किफायती दर पर प्लॉट उपलब्ध कराए जा सकें, पीडीए इस दिशा में योजना बना रहा है। कम से कम ढाई लाख लोगों को अपना घर मिल सके, इसकी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। - ऋषि राज, उपाध्यक्ष, पीडीए