Prayagraj : सांसद केशरी देवी को धमकी देने वाला गिरफ्तार, 50 लाख रंगदारी न देने पर दी थी जान से मारने की धमकी
पुलिस को सर्विलांस से उसकी लोकेशन मिली थी। जिसके बाद एक टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया और शहर ले आई। पूछताछ में पता चला कि वह शराब पीने का आदी है। यह भी बताया कि उसने एक पुराना फोन अपने गांव के प्रधान से खरीदा था।
विस्तार
फूलपुर सांसद केशरी देवी पटेल को फोन पर धमकाने, रंगदारी मांगने का आरोपी शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे पुलिस ने मुंबई से पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि रुपयों की जरूरत थी और इसीलिए उसने सांसद को फोन किया था। पकड़े गए युवक का नाम सुग्रीव कुमार वर्मा उर्फ लुल्ली है। वह मूल रूप से शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के नौढिया उपरहार का रहने वाला है। मौजूदा समय में वह मुंबई में रहकर एक कंपनी के डिलिवरी ऑफिस में काम करता है।
पुलिस को सर्विलांस से उसकी लोकेशन मिली थी। जिसके बाद एक टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया और शहर ले आई। पूछताछ में पता चला कि वह शराब पीने का आदी है। यह भी बताया कि उसने एक पुराना फोन अपने गांव के प्रधान से खरीदा था। उस फोन में सांसद केशरी देवी का नंबर सेव था। इसके बाद ही उसने उनके नंबर पर फोन किया। यह भी बताया कि उसे जरूरत थी, इसीलिए उसने रुपये मांगे थे। इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि कोर्ट की अनुमति से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
आरोपी बोला- उसने नहीं भेजा पत्र
गिरफ्तार सुग्रीव ने सांसद को फोन कर धमकाने की बात तो कबूली लेकिन उसने पत्र भेजने से इंकार किया। दरअसल सांसद ने पुलिस को बताया था कि फोन आने से कुछ महीनों पहले उन्हें पत्र भेजकर धमकाया व 50 लाख रंगदारी मांगी गई थी। पत्र में एक नाम भी लिखा था। जिसने खुद को भाजपा के अनुसांगिक संगठन का पदाधिकारी बताया था। हालांकि पुलिस ने जब यमुनापार निवासी शख्स से बात की तो उसने पत्र भेजने की बात से इंकार किया। साथ ही बताया कि किसी ने साजिशन उसका नाम व नंबर पत्र में लिख दिया है। उधर पुलिस ने लिखावट का मिलान भी किया लेकिन सुग्रीव व पत्र की लिखावट में अंतर मिला।