प्रयागराज : पुलिस लाइन के सामने रिटायर्ड कर्मचारी से डेढ़ लाख की लूट, मचा हड़कंप
सुधाकर कृषि विभाग में लिपिक के पद पर तैनात थे। मौजूदा समय में वह झूंसी में रहते हैं। सोमवार को वह रुपये निकालने पुलिस लाइन के सामने स्थित एसबीआई मुख्य शाखा में आए थे। साथ में बेटा सुशील भी था। बैंक से उन्होंने ढाई लाख रुपये निकाले।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नलगंज में पुलिस लाइन के ठीक सामने दिनदहाड़े 1.5 लाख की लूट की वारदात हुई। एसबीआई मुख्य शाखा से रुपये निकालकर लौट रहे रिटायर्ड कर्मचारी सुधाकर राय से नकदी भरा बैग लूटकर भाग निकले। घटना से सनसनी फैल गई। एसएसपी, एसपी सिटी समेत अन्य अफसर भी आ गए। शहर भर में नाकेबंदी कराई गई लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए। अफसरों का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।
सुधाकर कृषि विभाग में लिपिक के पद पर तैनात थे। मौजूदा समय में वह झूंसी में रहते हैं। सोमवार को वह रुपये निकालने पुलिस लाइन के सामने स्थित एसबीआई मुख्य शाखा में आए थे। साथ में बेटा सुशील भी था। बैंक से उन्होंने ढाई लाख रुपये निकाले। इसमें से एक लाख रुपये सुशील ने जेब में रख लिए जबकि बाकी के 1.5 लाख रुपये सुधाकर ने बैग में रख लिए। इसके बाद दोनों बैंक से बाहर निकले। उन्होंने अपनी कार बैंक के गेट से कुछ दूर पर खड़ी थी, इसलिए वह पैदल ही गाड़ी तक जाने लगे।
एसएसपी ने मौक पर पहुंचकर की पूछताछ
अभी वह पुलिस लाइन गेट के सामने ही पहुंचे थे कि तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और सुधाकर से बैग छीनकर भाग निकले। घटना से वह एक पल के लिए अवाक रह गए। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़े। लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। जानकारी पर एसएसपी अजय कुमार व एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह के साथ ही कर्नलगंज थाने की फोर्स भी आ गई।
भुक्तभोगी से पूछताछ के बाद अफसरों ने शहर भर में नाकेबंदी कराई। हर चौराहे पर बैरिकेडिंंग कर काफी देर तक चेकिंग की जाती रही लेकिन बदमाश नहीं पकड़े जा सके। उधर भुक्तभोगी ने कर्नलगंज थाने में जाकर तहरीर दी जिस पर अज्ञात में केस दर्ज कर लिया गया। एसएसपी ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे बदमाश
घटना के बाद पुलिस एसबीआई के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई। इस दौरान एक कैमरे की फुटेज में बदमाशों की तस्वीर नजर आई। पुलिस अफसरों का कहना है कि फुटेज से बदमाशों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।
बैंक से ही लगे थे पीछे
सूत्रों का कहना है कि घटना के बाद पुलिस बैंक के भीतर जांच पड़ताल करने पहुंची तो अहम बात पता चली। दरअसल एक बदमाश बैंक के भीतर भी नजर आया। ऐसे में माना जा रहा है कि बदमाश बैंक से ही भुक्तभोगी के पीछे लगे थे। घटना को अंजाम देने से पहले उन्होंने रेकी की। वह भुक्तभोगी पर लगातार नजर रखे रहे। इसके बाद जैसे ही भुक्तभोगी बैंक से बाहर निकला, उससे नकदी भरा बैग छीनकर भाग निकले।