ब्लैक फंगस के अब एसआरएन अस्पताल में तीन मरीज, एक की सर्जरी बुधवार को
- एसआरएन के कोविड वार्ड में दो और एक संक्रमित पोस्ट कोविड वार्ड में भर्ती
- विभागाध्यक्ष ईएनटी के नेतृत्व में पांच विभागों के विशेषज्ञ करेंगे ऑपरेशन
विस्तार
कोरोना संक्रमण के घटते स्तर के बीच ब्लैक फंगस (म्यूकोरमाइकोसिस) संक्रमित मरीजों की संख्या अब तीन हो गई है। सोमवार को श्रावस्ती से एसआरएन अस्पताल आए एक और ब्लैक फंगस संक्रमित गंभीर हालत में यहां लाया गया। दो मरीज कोविड और एक पोस्ट कोविड वार्ड में भर्ती हैं। वहीं चार अन्य संदिग्धों में ब्लैक फंगस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। इनमें से एक ब्लैक फंगस मरीज की बुधवार को एसआरएन अस्पताल में सर्जरी की जाएगी। मरीज के ऑपरेशन के लिए ईएंडटी के विभागाध्यक्ष डॉ. सचिन जैन के नेतृ्त्व में पांच विभागों के सात विशेषज्ञों की टीम गठित की गई है।
कोरोना के पोस्ट कोविड मरीजों में ब्लैक फंगस संक्रमण ( म्यूकोरमाइकोसिस) की शिकायत करीब दस दिन पहले आई। कोविड वार्ड में भर्ती एक मरीज में जांच के बाद संक्रमण की पुष्टि हुई। फिर धीरे-धीरे संदिग्धों की संख्या चार हो गई, जिनमें एक अन्य में भी ब्लैक फंगस संक्रमण पाया गया। सोमवार रात गंभीर हालत में श्रावस्ती से आए कोरोना संक्रमित की ब्लैक फंगस संक्रमण पुष्टि के लिए जांच कराई गई।
सुपरिटेंडेंट कोविड मोहित जैन के मुताबिक श्रावस्ती से आए मरीज की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब वह पोस्ट कोविड वार्ड में हैं, लेकिन मरीज की नाक में हुए संक्रमण की जांच में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बुधवार को मरीज की सर्जरी कराने का निर्णय लिया है।