प्रयागराज : अब और तेज दौड़ेगी नन्हीं धाविका काजल निषाद, सीएम योगी ने बढ़ाया हौसला
दस साल की काजल निषाद प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र के ललितपुर गांव की रहने वाली है और कक्षा चार में अध्ययनरत है। इस नन्हीं धाविका ने प्रयागराज में बीते साल 19 नवंबर कोई इंदिरा मैराथन में भाग लिया और 42 किमी की रेस पूरी की।
विस्तार
जोश और जज्बे से भरपूर नन्हीं एथलीट काजल अब और तेज दौड़कर जिंदगी में लंबा सफर तय करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने की चाह में प्रयागराज से पैदल निकली नन्हीं एथलीट का सपना शनिवार को पूरा हो गया। दरअसल, मुख्यमंत्री योगी ने काजल से मिलकर न सिर्फ उसका उत्साह बढ़ाया बल्कि उपहार में जूते और ट्रैक सूट देकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया।
दस साल की काजल निषाद प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र के ललितपुर गांव की रहने वाली है और कक्षा चार में अध्ययनरत है। इस नन्हीं धाविका ने प्रयागराज में बीते साल 19 नवंबर कोई इंदिरा मैराथन में भाग लिया और 42 किमी की रेस पूरी की। वहां उन्हें 14वां स्थान मिला। वहां मौजूद दर्शकों ने काजल के प्रदर्शन की सराहना तो खूब की, लेकिन आयोजकों ने उसे प्रोत्साहन पुरस्कार भी देना उचित नहीं समझा।
सीएम ने प्रदान किया ट्रैक शूट और शूज
इससे आहत होकर काजल ने समय आने पर मुख्यमंत्री से मिलने की मन में ठान ली और अपने कोच रजनीकांत के साथ कड़ी ट्रेनिंग शुरू कर दी। चार माह की कड़ी ट्रेनिंग के बाद काजल 10 अप्रैल को प्रयागराज से लखनऊ के लिए पैदल ही निकल पड़ी। प्रयागराज से लखनऊ तक का करीब 200 किलोमीटर लंबा सफ र इस नन्हीं धाविका 15 अप्रैल को पूरा किया और सीधे मुख्यमंत्री से मिलने 5 कालीदास मार्ग पर पहुंची। मुख्यमंत्री को जैसे ही इस बात की जानकारी मिली उन्होंने तुरंत ही काजल को मिलने के लिए कहा।
काजल की इस लगन और समर्पण को देखते हुए मुख्यमंत्री ने उसे अपने हाथों से सम्मानित किया और साथ ही साथ उसे आगे भी इसी तरह दौड़ में एक नया मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित करते हुए जूते और ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया और जल्द ही प्रयागराज स्पोट्स हॉस्टल में दाखिला दिलवाने का आश्वासन भी किया। इस अवसर पर बाबू बनारसी दास खेल अकादमी ने काजल की प्रतिभा का सम्मान करते हुए उसकी आगे की तैयारी के लिए उम्रभर स्पोर्ट्स किट और जूते देने की पूरी जिम्मेदारी ली है।
‘मुख्यमंत्री सर से मिलकर गर्व महसूस कर रही हूं। अब मैं उनके दिखाए रास्ते पर चलकर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करूंगी। उनके दिए हुए उपहार मेरे लिए अनमोल है। अब मेरा लक्ष्य प्रयागराज हॉस्टल में रहकर लंबी दूरी की दौड़ में अपने प्रदर्शन को सुधारना है।’ काजल निषाद
सीएम से मुलाकात कर प्रयागराज पहुंची काजल का स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सम्मान पाने के बाद प्रयागराज पहुंची दस वर्षीय धाविका काजल निषाद और उसके पिता नीरज निषाद का भारतीय जनता पार्टी की ओर से स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी के नेतृत्व में काजल का तेलियरगंज चौराहा, बांगड़ धर्मशाला चौराहे पर जोरदार स्वागत किया गया। उसे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से लाद दिया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष ने कहा कि साहस किसी उम्र का मोहताज नहीं। अगर आपकी दृढ़ इच्छाशक्ति मजबूत है तो हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। इसका जीता जागता उदाहरण हमारी नन्हीं उड़नपरी काजल निषाद है। कहा कि एक दिन वैश्विक खेल में भी काजल देश का नाम रोशन करेगी। सीएम योगी ने काजल निषाद का सम्मान करके उसका हौसला बढ़ाने का कार्य किया है ।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री निर्मला पासवान, प्रदेश सहसंयोजक राकेश जैन ,राजेश केसरवानी , मनोज पांडे, मनोज मिश्रा ,मनोज तिवारी, रत्नेश दुबे, अर्चना शुक्ला, महेंद्र तिवारी, मुकेश लारा आदि मौजूद रहे।