कोविड संक्रमण से बचाव के इंतजाम में न रहे कोई कमी : सीएम योगी
- मरीजों की बढ़ती संख्या से चिंतित योगी आदित्यनाथ ने बैठक में दिए निर्देश, एसआरएन में देखी तैयारी
- डीएम से कहा, शासन से समन्वय स्थापित कर सुनिश्चित करें आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता
विस्तार
कोविड संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या से चिंतित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को प्रयागराज में रहे। इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) में अफसरों के साथ हुई बैठक में उन्होंने इलाज और संक्रमण से बचाव के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की। साथ ही आईसीसीसी स्थित कंट्रोल रूम तथा स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने सख्त हिदायत दी कि इलाज और जांच में किसी तरह की कमी न रहने पाए। एल-2 और एल-3 अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने पर उनका जोर रहा। संसाधनों के लिए मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव भी मांगे।
मुख्यमंत्री सरकारी विमान से करीब साढ़े बारह बजे यहां पहुंचे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी मौजूद रहे। बैठक में प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से उन्होंने मरीजों की संख्या, उनकी तबीयत, जांच, कोविड प्रोटोकाल का पालन, ऑक्सीजन, बेड, वेंटिलेटर की उपलब्धता, वैक्सीनेशन आदि की बिंदुवार समीक्षा की। मंडलायुक्त संजय गोयल, डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने इनके बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने कांटेक्ट ट्रेसिंग और जांच बढ़ाने के निर्देश दिए।