Crime : निमंत्रण के बहाने ले जाकर किया युवक का कत्ल, शव नहर के किनारे फेंककर भाग निकले दोस्त
सोरांव थाना क्षेत्र के सरायदत्ते दली का पूरा गांव का रहने वाले अवधेश कुमार (25) पुत्र स्व.शोभालाल की पड़ोस के रहने वाले तीन युवकों से दोस्ती थी। बुधवार को शाम अवधेश कुमार के तीन दोस्त उसको सहसों में एक बरात में शामिल होने की बात कहते हुए अपने साथ लेकर चले गए।
विस्तार
निमंत्रण के बहाने युवक को ले जाकर दोस्तों ने मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद शव को झाड़ियों में फेंककर भाग निकले। युवक के झाड़ियों में पड़े होने की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे और मौके पर जिलाधिकारी को बुलाने पर ही अंतिम संस्कार की बात कहने लगे। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस शव को कब्जे में ले सकी। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
सोरांव थाना क्षेत्र के सरायदत्ते दली का पूरा गांव का रहने वाले अवधेश कुमार (25) पुत्र स्व.शोभालाल की पड़ोस के रहने वाले तीन युवकों से दोस्ती थी। बुधवार को शाम अवधेश कुमार के तीन दोस्त उसको सहसों में एक बरात में शामिल होने की बात कहते हुए अपने साथ लेकर चले गए। आरोप है कि देर रात करीब दो बजे युवक को साथ ले जाने वाले उसके दोस्त अनूप कुमार उर्फ कंगे, आलोक उर्फ सोनू व संदीप घर पहुंचे और उसकी पत्नी अंजली देवी को बताया कि अवधेश गांव से बाहर एक नहर के किनारे पड़ा है।
यह सुनकर परिजन सन्न रह गए। परिजनों के साथ अवधेश को खोजते हुए पत्नी अंजली मौके पर पहुंची तो अवधेश वहां मरणासन्न अवस्था में पड़ा मिला। उसे तुरंत इलाज के लिए बहरिया के मैलहा स्थित सीएचसी ले गए जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अंजली देवी अपने पति अवधेश कुमार का शव देखकर फफक पड़ी। इस दौरान अवधेश कुमार के शव पर सिर समेत कई जगह चोटों के निशान दिखाई पड़े। परिजन अवधेश कुमार की लाश घर ले आए। सूचना पर पहुंची सोरांव पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने परिजनों को समझा बुझा नहीं पाई, जिसके चलते मृतक अवधेश कुमार का शव करीब पांच घंटे तक घर पर ही पड़ा रहा।
परिजन जिलाधिकारी को बुलाने तथा मृतक के बेटे सारांश तथा पत्नी को आर्थिक सहायता के रूप में 20 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। शाम को फूलपुर उप जिला अधिकारी सौरभ भट्ट मौके पर पहुंचे और मृतक की पत्नी अंजली देवी को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा जमीन का पट्टा देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद आक्रोशित लोगों का गुस्सा शांत हुआ। जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी अंजली देवी की तहरीर पर पुलिस ने अनूप कुमार, आलोक व संदीप को गिरफ्तार कर लिया। इस बाबत सोरांव प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि नामजद तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है और घटना का की जांच के बारे में सोरांव पुलिस जुटी है