प्रयागराज : लापता प्रापर्टी डीलर की सिर कूंचकर हत्या, 12 के खिलाफ रिपोर्ट
फाफामऊ थाना क्षेत्र के बारी नया का पूरा गांव का रहने वाला रामबाबू पटेल किसानी के साथ साथ प्रापर्टी डीलिंग का भी काम करता था। शुक्रवार की दोपहर रामबाबू घर पर था। उसी समय उसके मोबाइल पर फोन आया।
विस्तार
फाफामऊ के नया का पूरा गांव के रहने वाले प्रापर्टी डीलर रामबाबू पटेल (57) की सिर और चेहरा कूंचकर नृशंस हत्या कर दी गई। शनिवार की सुबह सोरांव के सराय बाहर बिरसिंहपुर गांव के बाहर रामबाबू की लाश मिली तो हड़कंप मच गया। इस मामले में रामबाबू के बड़े भाई समेत 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। रामबाबू शुक्रवार की दोपहर मोबाइल पर कॉल आने के बाद घर से निकला था।
फाफामऊ थाना क्षेत्र के बारी नया का पूरा गांव का रहने वाला रामबाबू पटेल किसानी के साथ साथ प्रापर्टी डीलिंग का भी काम करता था। शुक्रवार की दोपहर रामबाबू घर पर था। उसी समय उसके मोबाइल पर फोन आया। बात करने के तुरंत बाद रामबाबू बाइक से निकल गया। घर वालों से बताया था कि वह शाम तक वापस आएगा। देर शाम बेटे अनिल पटेल ने रामबाबू के मोबाइल पर कॉल किया लेकिन फोन बंद था।
इसके बाद घर वाले लगातार फोन करते रहे। रात में हर ओर उसकी खोजबीन शुरू हो गई। आस पास के रिश्तेदारों और दोस्तों के घर पता लगाया गया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सुबह रामबाबू की लाश सोरांव थाना क्षेत्र के सराय बाहर बिरसिंह गांव के बाहर जामुन के पेड़ के नीचे मिली। कातिलों ने उसका सिर और चेहरा किसी पत्थर से कूंच दिया था। घर वालों को पता चला तो वे भागते हुए मौेके पर पहुंचे।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। घरवालों ने बताया कि रामबाबू पटेल की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उनके बड़े भाई ब्रम्दीन से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। एक हफ्ते पहले कहासुनी हुई थी। उसी समय धमकी दी गई थी। बेटे अनिल ने रामबाबू के बड़े भाई ब्रम्हदीन समेत 11 लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी। जिस शख्स ने रामबाबू को फोन कर बुलाया था। उसके खिलाफ भी मोबाइल नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सोरांव थाना प्रभारी के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
बड़े भाई से एक बीघा जमीन का था विवाद
प्रापर्टी डीलर रामबाबू पटेल तीन भाइयों में बीच का था। रामबाबू और छोटे भाई श्यामबाबू की सबसे बड़े भाई ब्रम्हदीन से नहीं पटती थी। उनके बीच एक बीघा जमीन को लेकर अर्से से विवाद चल रहा था। एक हफ्ता पहले भी रामबाबू और ब्रम्हदीन के परिवारों में काफी कहासुनी हुई थी।
दोनों पक्षों से तमाम लोग इकट्ठे हुए थे। बेटे अनिल का आरोप है कि इसी दौरान ब्रम्हदीन और उसके सहयोगियों ने पिता को जान से मारने की धमकी भी दी थी। अनिल की तहरीर पर पुलिस ने ब्रम्हदीन, उसके बेटे, राजेश मिश्रा, अशोक पांडेय, हर्ष पांडेय, क्षितिज पांडेय, बबलू पांडेय, ओमप्रकाश पांडेय, महेंद्र कुमार पटेल और रामनाथ पटेल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रापर्टी डीलिंग के विवाद पर भी पुलिस की नजर
रामबाबू पटेल किसान था लेकिन पिछले कुछ सालों से जमीन की खरीद फरोख्त का धंधा भी करने लगा था। पुलिस ने रामबाबू के बड़े भाई और उसके सहयोगियों के खिलाफ तो रिपोर्ट दर्ज कर ली लेकिन प्रापर्टी डीलिंग के विवादों पर भी पुलिस की नजर है। रामबाबू के परिवार में चार बेटे और पत्नी है।