Prayagraj : उड्डयन मंत्री से मिले सांसद प्रवीण पटेल और उज्जवल रमण, विमानों की संख्या बढ़ा़ने की मांग
भाजपा सांसद प्रवीण पटेल और कांग्रेस से सांसद उज्जवल रमण सिंह ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री से मुलाकात की। दोनों सांसदों ने प्रयागराज में कम हो रही विमानों की संख्या पर चिंता जताई।
विस्तार
एयरपोर्ट पर विमानों की घटती संख्या और नाइट लैंडिंग की सुविधा न मिलने को लेकर शहरवासियों की चिंता अब राजनीतिक दलों के गलियारों से होते हुए केंद्र सरकार तक पहुंच गई है। इस मुद्दे पर राजनीति से उठकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद एक ही सुर में तालमेल बैठाते नजर आए हैं। ऐसा कम ही देखने को मिलता है जब किसी क्षेत्रीय मांग को लेकर पक्ष और विपक्ष के जनप्रतिनिधि एक साथ मिलकर पुरजोर पैरवी करें।
बृहस्पतिवार को दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू से मुलाकात कर भाजपा सांसद प्रवीण पटेल और कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा है। दोनों ने प्रयागराज में नाइट लैडिंग और यहां से अहमदाबाद, पुणे, रायपुर, भोपाल, देहरादून, इंदौर, कोलकाता आदि शहरों के लिए सीधी उड़ान की मांग की।
उड़ानों की आवृत्ति में भारी कटौती दर्ज की गई है। अकासा एयर की मुंबई के लिए रोजाना चलने वाली उड़ान को घटाकर सप्ताह में सिर्फ एक दिन कर दिया गया है जबकि इंडिगो की मुंबई सेवा को भी छह दिन से घटाकर चार दिन कर दिया गया है। इसके अलावा, एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की तकनीकी व्यवस्था होने के बावजूद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के वॉच आवर्स केवल सूर्योदय से सूर्यास्त तक ही सीमित हैं, जिससे रात्रिकालीन उड़ानों का संचालन ठप पड़ा है।