प्रयागराज में मोदी : प्रधानमंत्री से बेटियों ने कहा, आप ही हमारे प्रेरणा स्रोत, हम भी करेंगे बड़ा काम
कुंभ आयोजन के दौरान आए प्रधानमंत्री ने सफाई कर्मियों के पांव पखार कर पूरी दुनिया को स्वच्छता का संदेश दिया था। प्रधानमंत्री का वही भावुक एवं संवेदनशील रूप महिलाओं और बच्चियों संग संवाद के दौरान भी दिखा।
विस्तार
त्रिवेणी तट पर मंगलवार को सत्ता और जनता के बीच संबंधों एवं उफान लेती भावनाओं का एक और अध्याय लिखा गया। अभिभावक के रूप में नजर आए प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सहजता से मन-मतिष्क पर छाने की कोशिश की तो महिलाओं एवं बच्चियों ने भी जताया कि उनकी अगुवाई में देश और प्रदेश की नई तकदीर लिखने के लिए वह तैयार हैं। प्रधानमंत्री से मुलाकात में बेटियों ने कहा, आप ही हमारे प्रेरणा स्रोत हैं।
हम भी आपकी तरह बड़ा काम करेंगे। मौका था परेड मैदान में आयोजित मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत चुनिंदा महिलाओं संग संवाद का। अलग-अलग समूहाें में करीब 24 मिनट तक चली वार्ता के दौरान माहौल काफी उत्साहजनक तथा भावुक करने वाला रहा। इस दौरान प्रधानमंत्री एवं लाभार्थियों की आंखें कई बार नम हुईं। वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे।
संवाद में दिखा पीएम का भावुक रूप
कुंभ आयोजन के दौरान आए प्रधानमंत्री ने सफाई कर्मियों के पांव पखार कर पूरी दुनिया को स्वच्छता का संदेश दिया था। प्रधानमंत्री का वही भावुक एवं संवेदनशील रूप महिलाओं और बच्चियों संग संवाद के दौरान भी दिखा। प्रधानमंत्री संग वार्ता के लिए चयनित महिलाओं एवं बच्चियों को मंच के पास ही बने पंडाल में बैठाया गया था। प्रधानमंत्री से आमने-सामने बात होगी इसे लेकर उनमें उत्साह तो था ही, थोड़ी-बहुत घबराहट भी थी। ठीक 12 बजकर 59 मिनट पर प्रधानमंत्री ने पंडाल में प्रवेश किया।
प्रधानमंत्री ने सबसे पहले बीसी सखियों से मुलाकात की। पंडाल में प्रवेश करते ही उनकी नजर गोद में बच्चा लिए सहारनपुर की शाबाना परवीन, प्रतापगढ़ की सपना मौर्या तथा अन्य महिलाओं पर पड़ी। प्रधानमंत्री उनकी तरफ बढ़े तो दोनों महिलाएं भी आगे आ गईं। प्रधानमंत्री ने बच्चों को दुलारा और अपनी गोद में ले लिया। प्रधानमंत्री यहीं नहीं रुके। महिलाओं के कहने पर उन्हाेंने बच्चे को गोद में लेकर ही आटोग्राफ दिए।
पेन भी अपना इस्तेमाल किया। बीसी सखियों के नौनिहालों संग प्रधानमंत्री का यह लाड़-दुलार मंच पर लगे स्क्रीन पर भी प्रसारित हो रहा था। प्रधानमंत्री का यह ममत्व देखकर मंच के सामने बैठे लोग भी भावुक रहे तथा लगातार तालियां बजती रहीं।
14 मिनट तक पीएम ने किया संवाद
बीसी सखियों के बीच 14 मिनट तक रहे प्रधानमंत्री ने उनके काम और भविष्य योजनाओं को जाना। इस दौरान 14 महिलाओं ने अपनी-अपनी बातें रखीं तो बीच-बीच में प्रधानमंत्री ने भी भरोसा दिलाया कि मैं हूं ना। इसके बाद प्रधानमंत्री पुष्टाहार बनाने वाली महिलाओं के पंडाल में पहुंचे। वहां महिलाओं की कुर्सी कुछ दूरी पर लगी थी तो प्रधानमंत्री ने सभी को पास बुला लिया।
फिर आठ मिनट के संवाद के दौरान उन्होंने उनके काम को जानने की कोशिश तो बीच-बीच में अच्छा एवं पौष्टिक भोजन बनाने की अपील भी की। इसके बाद प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थियों के बीच में पहुंचे तो एक नन्हीं बच्ची ने उनका स्वागत किया। मां ने गोद से बच्ची को उतारा तो वह नन्हीं परी प्रधानमंत्री की तरफ बढ़ती गई। प्रधानमंत्री ने चुटकी बजाकर उसे दुलारा।
इसके बाद उन्होंने कुछ दूरी पर बैठी बच्चियों को पास बुला लिया। प्रधानमंत्री का इशारा मिलने के बाद बच्चियाें ने भी उन्हें घेर लिया और खुलकर अपनी बातें रखीं। प्रधानमंत्री ने भी खूब पढ़-लिखकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। करीब छह मिनट तक चली वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री लाभार्थी बच्चियों की माताओं से भी मिले और योजना के बारे में जानकारी ली। इस तरह से 28 मिनट की वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मंच पर पहुंचे।