Prayagraj : डॉ. दीपेंद्र की पत्नी को नौकरी दिलाने के लिए आगे आए विधायक हर्षवर्धन
डॉ. दीपेंद्र के छोटे भाई हेमेंद्र सिंह के अलावा परिवार के अन्य सदस्य सोमवार को पूर्वान्ह 11 बजे शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी के रामबाग स्थित आवास पर पहुंचे। इस दौरान जनता दरबार में परिजनों ने विधायक हर्षवर्धन से मुलाकात कर अपनी पीड़ा साझा की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तेरहवीं के बाद तबादला पाने वाले सर्जन डॉ. दीपेंद्र सिंह की पत्नी डॉ. आभा सिंह को मृतक आश्रित कोटे के तहत नौकरी दिलाने के लिए सोमवार को पहल शुरू हो गई। डॉ. दीपेंद्र के परिजनों ने इस मुद्दे पर शहर उत्तरी के भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी से मुलाकात की। विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके साथ ही उन्होंने मृतक आश्रित कोटे से चिकित्सक की पत्नी को नौकरी दिलाने के लिए डिप्टी सीएम बृजेश पाठक को पत्र लिखा है।
डॉ. दीपेंद्र के छोटे भाई हेमेंद्र सिंह के अलावा परिवार के अन्य सदस्य सोमवार को पूर्वान्ह 11 बजे शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी के रामबाग स्थित आवास पर पहुंचे। इस दौरान जनता दरबार में परिजनों ने विधायक हर्षवर्धन से मुलाकात कर अपनी पीड़ा साझा की। परिजनों ने विधायक को बताया कि लंबे समय से वह चित्रकूट से प्रयागराज के लिए तबादला मांग रहे थे।
तबादला नहीं मिला तब वीआरएस के लिए भी शासन को पत्र लिखा गया। लेकिन, कुछ नहीं हुआ। तबादला हुआ तो मौत के बाद। परिजनों ने बताया कि डॉ. दीपेंद्र की पत्नी डॉ. आभा सिंह स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं और उनके पास चिकित्सा सेवा का अनुभव भी है। उनके दो छोटे बच्चे हैं। ऐसे में अगर मृतक आश्रित कोटे से डॉ. आभा को नौकरी मिल जाएगी तो उनके परिवार की परवरिश का संकट टल जाएगा। इसके अलावा उनकी ग्रेच्युटी और अन्य बकाया देयों का भी शीघ्र भुगतान कराने के लिए आग्रह किया।
इस पर विधायक ने चिकित्सक परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताई। साथ ही भरोसा दिलाया वह दुख की घड़ी में डॉ. दीपेंद्र के परिवार के साथ खड़े हैं। विधायक ने अमर उजाला को बताया कि उन्होंने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक को पत्र लिखकर डॉ. दीपेंद्र की पत्नी डॉ. आभा को मृतक आश्रित कोटे से नौकरी दिलाने का आग्रह भी कर दिया है। साथ ही उनके देयों के भुगतान के लिए भी स्वास्थ्य मंत्रालय को लिखा गया है।
स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर चिकित्सक परिवार की पीड़ा सुनाएंगे विधायक
विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी बृहस्पतिवार को इस मसले पर डिप्टी सीएम/स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से लखनऊ में मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता कर समय लिया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर डॉ. दीपेंद्र के परिजनों की पीड़ा सरकार तक पहुंचाई जाएगी। साथ उनको जिला महिला अस्पताल में रिक्त पद पर नौकरी दिलाने का भी आग्रह करेंगे।