प्रयागराज : जीवन ज्योति हास्पिटल के कर्मचारियों से सात लाख लूटने वाले बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़, गिरफ्तार
बदमाशों के कब्जे से आठ लाख 35 हजार रुपये बरामद भी हुए हैं। बताया जा रहा है कि इन्हीं बदमाशों ने सीतापुर में भी सात लाख 15 हजार लूटे थे। पुलिस के अनुसार घटना से दो दिन पहले बदमाश जिले में आकर ठहरे थे। होटल में लगाई थी फर्जी आईडी। बदमाशों के कब्जे से प्री एक्टीवेटेड सिम भी बरामद हुआ है।
विस्तार
सिविल लाइंस में जीवन ज्योति अस्पताल के कर्मचारियों से सात लाख की लूट मामले में पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। रविवार की सुबह बदमाशों से झूंसी में पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
बदमाशों के कब्जे से आठ लाख 35 हजार रुपये बरामद भी हुए हैं। बताया जा रहा है कि इन्हीं बदमाशों ने सीतापुर में भी सात लाख 15 हजार लूटे थे। पुलिस के अनुसार घटना से दो दिन पहले बदमाश जिले में आकर ठहरे थे। होटल में लगाई थी फर्जी आईडी। बदमाशों के कब्जे से प्री एक्टीवेटेड सिम भी बरामद हुआ है।
झूंसी इलाके में पुलिस की शातिर बदमाशों से हुई मुठभेड़
पुलिस को सूचना मिली की जीवन ज्योति अस्पताल के कर्मचारियों से सात लाख रुपये लूटने वाले बदमाश झूंसी में मौजूद हैं। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जब दबिश दी तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश नीरज बंजारा के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जबकि दूसरे बदमाश किशन यादव के दाहिने पैर में गोली लगी है।
दो अन्य बदमाशों शंकर यादव और काशी बंजारा को भी मुठभेड़ में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटे गये रुपये और असलहा बरामद किया। घायल दोनों बदमाशों को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ में घायल बदमाश सिविल लाइंस में 12 सितंबर को हुई सात लाख की लूटकांड में शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा जिले में दिसंबर माह में हुए अन्य लूट कांड में भी शामिल होने की जानकारी मिल रही है। गिरफ्तार बदमाश बिहार कटियार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल में भी कई लूट में शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार और घायल बदमाशों से पूछताछ कर रही है।