Mahakumbh : खराब मौसम की पहले मिल जाएगी सूचना, तैयार होगा मेला प्रशासन
महाकुंभ के दौरान बारिश के अलावा कोल्ड वेव की भी आशंका है। इसे देखते हुए मेला प्रशासन की ओर से मौसम की पूर्व सूचना उपलब्ध कराने के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग को पत्र लिखा गया था। ताकि, कल्पवासियों, श्रद्धालुओं व पर्यटकों को खराब मौसम से बचाने के लिए समय रहते तैयारी की जा सके।
विस्तार
महाकुंभ क्षेत्र में बारिश या खराब मौसम का समय रहते एलर्ट जारी हो जाएगा। इसके लिए तीन अलग-अलग क्षेत्रों में ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन बनाए गए हैं। एक-दो दिनों में सभी स्टेशन पूरी तरह से काम करने लगेंगे।
महाकुंभ के दौरान बारिश के अलावा कोल्ड वेव की भी आशंका है। इसे देखते हुए मेला प्रशासन की ओर से मौसम की पूर्व सूचना उपलब्ध कराने के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग को पत्र लिखा गया था। ताकि, कल्पवासियों, श्रद्धालुओं व पर्यटकों को खराब मौसम से बचाने के लिए समय रहते तैयारी की जा सके।
इसी क्रम में मौसम विभाग की ओर से अरैल के सेक्टर 23 में ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन बनाया जा रहा है। इसके अलावा इलाहाबाद विश्वविद्यालय के के बनर्जी वातावरणीय एवं समुद्रीय विज्ञान संस्थान और गोविंद बल्लभ पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान में भी ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन बनाए गए हैं। इस तरह से तीन जोन में बसे मेला के लिए अलग-अलग स्टेशन बनाए गए हैं।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के डॉ. शैलेंद्र राय ने बताया कि तीनों स्टेशन मौसम विभाग के केंद्रीय केंद्र से जुड़े रहेंगे। इन स्टेशनों की मदद से तापमान, आर्द्रता, धूप, बारिश की संभावना समेत अन्य डाटा लगातार मिलता रहेगा। इनकी मदद से एक सप्ताह तक के मौसम की सटीक जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
नहीं आएगी वायु की गुणवत्ता मापने वाली वैन
कुंभ-2019 में भी तीन स्थानों पर ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन बनाए गए थे। इनसे मौसम की जानकारी प्राप्त कर समय रहते तैयारी में काफी मदद मिली थी। इसे देखते हुए मौसम विभाग की ओर से इस बार भी तीन स्थानों पर स्टेशन बनाए गए हैं। कुंभ-2019 में वायु की गुणवत्ता मापने वाली वैन भी मंगाई गई थी, लेकिन इस बार वैन नहीं मंगाई गई है।
आज धूप के आसार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बने ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन से प्रारंभिक डाटा बृहस्पतिवार को मिलने लगा। एक-दो दिनों में इसके पूरी तरह से काम करने की उम्मीद है। इसी के साथ दो अन्य स्थानों पर बने स्टेशनों के भी एक-दो दिन में काम करने की उम्मीद है। विश्वविद्यालय में बने स्टेशन से प्राप्त प्रारंभिक डाटा के अनुसार शुक्रवार को धूप निकलने की उम्मीद है।
प्रदर्शनी में दिखेगा मौसम विभाग का 150 वर्षों का सफर
मौसम विभाग अपनी स्थापना का 150वां वर्ष मना रहा है। इस मौके पर मेला क्षेत्र में विभाग की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी अरैल में सेक्टर 23 में लगाई जाएगी। इसमें विभाग के 150 वर्ष के सफर के बारे में जानकारी दी जाएगी।