Lok Sabha Chunav : जाली के भीतर होगी मतगणना, बाहर बैठेंगे प्रत्याशियाें के एजेंट, नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल
फूलपुर, इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र समेत भदोही के दो विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना मुंडेरा मंडी परिसर में होगी। मतगणना विधानसभावार होगी। ऐसे में विधानसभावार पंडाल भी बनने लगे हैं। एक पंडाल में एआरओ के अलावा 14 टेबल लगाई जाएंगी।
विस्तार
मतगणना के दौरान प्रत्याशी व उनके एजेंट ईवीएम की पहुंच से दूर रहेंगे। मतगणना जाली के घेरे में होगी और उसकी दूसरी तरफ एजेंट बैठकर पूरी प्रक्रिया देखते रहेंगे। उन्हें बूथवार प्रत्याशियों को मिले मतों की भी जानकारी दी जाएगी।
फूलपुर, इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र समेत भदोही के दो विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना मुंडेरा मंडी परिसर में होगी। मतगणना विधानसभावार होगी। ऐसे में विधानसभावार पंडाल भी बनने लगे हैं। एक पंडाल में एआरओ के अलावा 14 टेबल लगाई जाएंगी। ये सभी चारों तरफ से बंद होंगी। प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं के लिए हर टेबल के सामने बैठने का स्थान होगा, लेकिन बीच में जाली होगी। इतना ही नहीं, अभिकर्ता तय स्थान के अलावा दूसरे विधानसभा के पंडाल में भी नहीं जा सकेंगे।
मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों व अभिकर्ताओं के लिए मोबाइल ले जाना भी प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में इनको मोबाइल न लेकर आने की सलाह दी गई है। सीडीओ गौरव कुमार का कहना है कि प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों को मतगणना संबंधी निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन की जानकारी दे दी गई है।
प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहे 56 मतगणना कर्मी
बृहस्पतिवार को प्रशिक्षण के दौरान 600 को बुलाया गया था, लेकिन 56 मतगणना कर्मी अनुपस्थित रहे। सीडीओ ने बताया कि अलग-अलग वजहों से कर्मी अनुपस्थित रहे। इनका तीन जून का प्रशिक्षण होगा। फिर भी अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर लिखाई जाएगी।
मतगणना के लिए भाजपा लगाएगी टेबलवाइज 162 अभिकर्ता
भाजपा ने मतगणना की तैयारी पूरी कर ली है। इस बार चक्रवार मतगणना के लिए विधानसभावार 162 अभिकर्ता लगाए जाएंगे। इसके लिए अभिकर्ताओं की जिम्मेदारी तय कर ली गई है। मतगणना स्थल पर पार्टी की ओर से भव्य शिविर भी लगाया जाएगा। इलाहाबाद, फूलपुर और भदोही सीट की दो विधानसभा सीटों प्रतापपुर और हंडिया की मतों की गिनती चार जून को मुंडेरामंडी स्थित मतगणना स्थल पर होगी। इसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। भाजपा ने इसके लिए अनुभवी मतगणना अभिकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की है।
पार्टी की ओर से मंडलवार अनुभवी नेताओं को इसमें लगाया गया है। कुल 12 विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना के लिए टेबल बनाए गए हैं। एक विधानसभा की गणना के लिए 14 टेबल होंगे। इस प्रकार भाजपा ने प्रत्येक विधानसभा मेंं 14-14 अभिकर्ताओं को लगाया है। इस तरह कुल 162 अभिकर्ता लगाए गए हैं। पार्टी की ओर से मतगणना की तैयारियों की समीक्षा के दौरान हर पहलू की जानकारी ली गई। मतगणना स्थल पर पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए शिविर लगाया जाएगा।
भाजपा में भितरघातियों पर रिपोर्ट तलब
भाजपा ने चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों का विरोध करने और भितरघात करने वाले नेताओं के बारे में रिपोर्ट मांगी है। इसके लिए बूथ अध्यक्षों, पन्ना प्रमुखों के अलावा मंडल अध्यक्षों से रिपोर्ट मांगी गई है। इस आधार पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त कार्यकर्ताओं, नेताओं को सूचीबद्ध करेगा। इसमें पार्टी विरोधी मुहिम चलाने की कुछ नेताओं की शीर्ष नेतृत्व से भी शिकायत की गई है।