कोरोना मरीज मिलने के बाद कई शाखाओं में लटके ताले
- पॉजिटिव आने के बाद भी खुली रहीं दर्जनों शाखाएं, नाराजगी
प्रयागराज। कोविड-19 ने बैंकिंग कारोबार को भी बुरी तरह से प्रभावित किया है। कई शाखाओं में ताला भी लटक गए हैं। वहीं दर्जनों ऐसी शाखाएं हैं जहां कर्मचारियों के संक्रमित पाए जाने के बाद भी शाखाएं खुली रहीं। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है।
बैंकों में संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। तीन अफसरों और कर्मचारियों के संक्रमित मिलने के बाद सेंट्रल बैंक की मुट्ठीगंज शाखा बंद कर दी गई है। आंध्रा बैंक की जानसेनगंज शाखा भी तीन दिनों के लिए बंद हो गई है। सिविल लाइंस स्थित एक शाखा में कर्मचारियों के पॉजिटिव आने के बाद बंद कर दिया गया लेकिन आरोप है कि भीतर काम होते रहे। एसबीआई, यूनियन बैंक, इंडियन बैंक की शाखाओं में भी कोरोना के पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद इन शाखाओं को पूरी तरह से सैनिटाइज कराया गया। हालांकि शाखाएं बंद नहीं की गईं।
पांच दिन बैंकिंग की मांग तेज
कोरोना संक्रमितों की संख्या बढने के साथ पांच दिन की बैंकिंग की मांग भी तेज हो गई है। ऑफिसर्स और कर्मचारी दोनों यूनियनों की ओर से बैंक प्रबंधन को इसके लिए प्रत्र लिखा गया है। यूनियनों ने तीन बजे तक बैंक बंद करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि कई जिलों में दो बजे ही शाखाएं बंद हो जाती है।