प्रयागराज। रेल भर्ती बोर्ड द्वारा ली जा रही मिनिस्ट्रियल के विभिन्न पदों की तीन राज्यों में हो रही भर्ती परीक्षा की एक ही स्थान से सीधी नजर रखी जा रही है। यह संभव हुआ है सभी परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों से। रेल भर्ती बोर्ड ( आरआरबी) प्रयागराज की पहल पर उसके सभी परीक्षा सेंटरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फुटेज अब आरआरबी चेयरमैन कार्यालय तक पहुंचने लगी है। बताया जा रहा है कि इस परीक्षा में किसी भी तरह की कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए रेल मंत्रालय भी लगातार परीक्षा की मॉनीटरिंग कर रहा है।
आरआरबी प्रयागराज की ओर से मिनिस्ट्रीयल के विभिन्न पदों में भर्ती के लिए 15 दिसंबर से परीक्षा शुरू हुई है। परीक्षा में पारदर्शिता बनी रहे इसके लिए आरआरबी की ओर से सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। इस दौरान रेलवे बोर्ड भी लगातार परीक्षा की फुटेज आरआरबी से तलब कर रहा है। आरआरबी चेयरमैन आरए जमाली ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में लगे कैमरों की लाइव फुटेज उन्हें मिलनी शुरू हो गई है। क्योंकि आरआरबी यह परीक्षा तीन राज्यों के आठ शहरों में करवा रहा है, ऐसे में अब आरआरबी कार्यालय से ही सभी परीक्षा केंद्रों में सीधी नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि बुधवार को परीक्षा सिर्फ एक ही केंद्र में हुई। दो पॉली में हुई इस परीक्षा में पहली पॉली में कुल 306 अभ्यर्थियों को शामिल होना था लेकिन 109 ने ही परीक्षा दी, जबकि 197 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पॉली में 239 में से 105 उपस्थित एवं 134 अनुपस्थित रहे। आज परीक्षा सिर्फ आगरा में हुई, अब बृहस्पवितार को परीक्षा आगरा, रुड़की एवं देहरादून में होगी।