Laraib Hashmi Prayagraj : फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे डेस्कटॉप, पेनड्राइव व मोबाइल
आरोपी छात्र के मोबाइल से मिला वीडियो बेहद महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। इसमें उसने खुद हमले की बात कबूल की है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त हथियार भी दिखाया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि वीडियो साक्ष्य की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
विस्तार
परिचालक पर चापड़ से हमला करने के आरोपी बीटेक छात्र लारैब हाशमी के खिलाफ पुलिस अब वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र करने में जुटी है। इसी के तहत उसका डेस्कटॉप, मोबाइल और पेनड्राइव जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिए गए हैं। फॉरेंसिक जांच से साफ हो जाएगा कि घटना के बाद भागते वक्त छात्र के खुद के बनाए वीडियो से छेड़छाड़ की गई या नहीं। जानकारों का कहना है कि यह रिपोर्ट अभियुक्त के खिलाफ पैरवी में अहम साबित होगी।
आरोपी छात्र के मोबाइल से मिला वीडियो बेहद महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। इसमें उसने खुद हमले की बात कबूल की है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त हथियार भी दिखाया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि वीडियो साक्ष्य की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इसे केस डायरी का हिस्सा बनाने के लिए फॉरेंसिक जांच जरूरी है। फॉरेंसिक जांच के बाद जांचकर्ता की ओर से यह प्रमाणित किया जाएगा कि इसमें किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई है। इसी के तहत आरोपी के मोबाइल के साथ ही घर से बरामद उसके डेस्कटॉप और दो पेन ड्राइव को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है।
अस्पताल में भी सुरक्षा घेरा
आरोपी छात्र का जेल अस्पताल में लगातार तीसरे दिन इलाज जारी है। उसके पैर में गहरा जख्म है, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ है। जेल प्रशासन का कहना है कि अस्पताल के भीतर आरोपी की सुरक्षा में दो सिपाही तैनात किए गए हैं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक रंगबहादुर पटेल का कहना है कि बंदी का इलाज जेल अस्पताल में चल रहा है। स्वस्थ होने पर उसे बैरक में शिफ्ट किया जाएगा।