प्रयागराज : शंकरगढ़ में रिफाइनरी बनने की बंधी आस, सैकड़ों युवाओं को मिलेगा रोजगार
सर्किट हाउस में संवाददाताओं से मुखातिब डिप्टी सीएम ने कहा कि शंकरगढ़ रिफाइनरी के लिए कई वर्ष पूर्व दो हजार एकड़ जमीन का अधिग्रहण हो चुका है, लेकिन किन्हीं कारणों से यह प्रोजेक्ट अब तक शुरू नहीं हो सका।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कृष्ण की नगरी मथुरा के बाद यूपी में एक और रिफाइनरी खोले जाने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। प्रयागराज के शंकरगढ़ में फाइलों में उलझी रिफाइनरी अब धरातल पर आ सकती है। शनिवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शंकरगढ़ में रिफाइनरी बनेगी। इसके लिए नए सिरे से प्रस्ताव केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां रिफाइनरी बनने से प्रयागराज ही नहीं, आसपास के जिलों के भी सैकड़ों युवाओं को रोजगार उपलब्ध होगा।
सर्किट हाउस में संवाददाताओं से मुखातिब डिप्टी सीएम ने कहा कि शंकरगढ़ रिफाइनरी के लिए कई वर्ष पूर्व दो हजार एकड़ जमीन का अधिग्रहण हो चुका है, लेकिन किन्हीं कारणों से यह प्रोजेक्ट अब तक शुरू नहीं हो सका। इसी वजह से अब इसके निर्माण का नए सिरे से पेट्रोलियम मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। बता दें कि तीन दशक पूर्व ही शंकरगढ़ में रिफाइनरी निर्माण की घोषणा हुई थी। तब पेट्रोलियम मंत्रालय स्व. जनेश्वर मिश्र के ही पास था।
प्रयागराज से गहरा लगाव होने की वजह से उन्होंने शंकरगढ़ में रिफाइनरी निर्माण की घोषणा करवाई थी। हालांकि यहां जमीन अधिग्रहण का कार्य डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने केंद्रीय मंत्री होने के दौरान करवाया था। इसके बाद रिफाइनरी प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया। अब डिप्टी सीएम के एलान के बाद उम्मीद बंध गई है कि यहां रिफाइनरी निर्माण के कार्य को मंजूरी मिल सकती है। क्योंकि केंद्र और प्रदेश दोनों ही स्थानों पर भाजपा सरकार है।
धर्मेद्र प्रधान के पेट्रोलियम मंत्री होने के दौरान भी केशव ने की थी गुजारिश
प्रयागराज में 22 दिसंबर 2016 को केपी कॉलेज ग्राउंड में शहरी गैस वितरण परियोजना के तहत सीएनजी-पीएनजी के शुभारंभ के मौके पर तत्कालीन केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रिफाइनरी खोले जाने के लिए अध्ययन करने की बात कही। तब यह मुद्दा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में केशव प्रसाद मौर्य ने ही उठाया था। तब उन्होंने कहा था कि यहां रिफाइनरी निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन इसके बाद यहां कोई काम नहीं हुआ। यहां अगर रिफाइनरी लग जाए तो जिले के सैकड़ों नौजवानों को रोजगार मिल जाएगा। केशव की इस अपील पर धर्मेंद्र प्रधान ने हामी भरते हुए अध्ययन करने की बात कही थी।
फूलपुर को मिलेगा नगर पालिका का दर्जा
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रयागराज के फूलपुर को नगर पालिका का दर्जा दिया जाएगा। इसके अलावा सोरांव, बरौत, मांडा खास, करछना, बड़ोखर को नगर पंचायत बनाया जाएगा। डिप्टी सीएम ने बताया कि उन्होंने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय से एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
वाराणसी तक कांवर पथ बनाने की तैयारी
केशव के अनुसार प्रयागराज में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए रविवार 11 सितंबर को विभिन्न विभागों के अफसरों के साथ एक अन्य बैठक होगी। इसमें यहां की प्रस्तावित योजनाओं का प्रस्तुतिकरण होगा। उन्होंने कहा कि कि प्रयागराज से काशी तक कांवर पथ का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए अलग से रूट बनाने के लिए सर्वे करने को कहा गया है।