विधानसभा चुनाव: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सिराथू से ठोक सकते हैं ताल, विपक्षी खेमे में हलचल
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या विधानसभा सिराथू के ही रहने वाले हैं। यहां की जनता ने 2012 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पहली बार जीता कर विधानसभा भेजा था।
विस्तार
विधानसभा सिराथू सीट से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के मैदान में आने की आहट मिलने से सियासत के प्याले में तूफान आ गया है। डिप्टी सीएम अगर यहां से मैदान में आते हैं तो सिराथू सीट जिले की सबसे हॉट सीट हो जाएगी। दूसरी तरफ इस सीट पर नजर जमाए विपक्षी दलों के दावेदारों की नींद उड़ गई है। उन्हें नई चुनौतियों का सामना करना लोहे के चने चबाने के समान लग रहा है। कुछ दावेदार तो दूसरी सीट की तलाश में भी लग गए हैं।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या विधानसभा सिराथू के ही रहने वाले हैं। यहां की जनता ने 2012 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पहली बार जीता कर विधानसभा भेजा था। सूबे में डिप्टी सीएम बनने के बाद पार्टी ने उन्हें उच्च सदन भेज दिया था। अब जबकि भाजपा ने सभी कद्दावर माननीयों को 2022 के विधानसभा चुनाव में चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया है।
पार्टी के फैसले के बाद से डिप्टी सीएम ने सिराथू क्षेत्र का दौरा तेज कर दिया है। हालांकि उन्होंने योगी सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल के दौरान विकास की कई योजनाओं की सौगात देने का काम किया है। डिप्टी सीएम का सिराथू प्रेम जगजाहिर है। आज तक पूर्वर्ती किसी भी सरकार ने सिराथू के विकास के प्रति तनिक भी तबज्जो नहीं दिया था। बसपा शासन काल में इंद्रजीत सरोज ने सिर्फ अपने विधानसभा क्षेत्र मंझनपुर में ही विकास को तबज्जो दी।