Janmashtami : इस्कॉन मंदिर में जन्मोत्सव पर कान्हा पहनेंगे साढ़े चार लाख की पोशाक, वेलवेट में जड़े गए हैं मोती
इस्कॉन मंदिर में स्थापित राधा वेणीमाधव के लिए वृंदावन से पोशाक आ गई है। 27 अगस्त तक भव्य कार्यक्रम होंगे। इस दौरान हर दिन कान्हा नए रूप में दर्शन देंगे। कान्हा पगड़ी, बाजूबंद, हार, पायल, कंगन भी मोतियों से जड़ित पहनेंगे। चांदी के 21 कलश से अभिषेक किया जाएगा।
विस्तार
बलुआघाट स्थित इस्कॉन मंदिर में कान्हा अपने जन्मोत्सव पर मोती जड़ित वेलवेट की पोशाक पहनेंगे। इसकी कीमत साढ़े चार लाख रुपये है। वृंदावन के कारीगरों ने 15 दिन में इसे तैयार किया है। जन्माष्टमी को कान्हा का पांच तीर्थों प्रयागराज, हरिद्वार, मथुरा के श्याम कुंड, कुसुम सरोवर और गोविंद कुंड के जल से अभिषेक किया जाएगा।
इस्कॉन मंदिर में स्थापित राधा वेणीमाधव के लिए वृंदावन से पोशाक आ गई है। 27 अगस्त तक भव्य कार्यक्रम होंगे। इस दौरान हर दिन कान्हा नए रूप में दर्शन देंगे। कान्हा पगड़ी, बाजूबंद, हार, पायल, कंगन भी मोतियों से जड़ित पहनेंगे। चांदी के 21 कलश से अभिषेक किया जाएगा।
इन कलशों में दूध, शहद, दही, घी व मिश्री होगी। कान्हा को तीन बार छप्पन भोग का प्रसाद लगाया जाएगा। इसमें दूध, दही, मेवा, फल, खीर, हलवा आदि शामिल है। बैरहना स्थित निंबार्क आश्रम में अखंड युगल नाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन, आरती, अभिषेक के कार्यक्रम होंगे।
कटरा में झांकियों के दर्शन
श्री कटरा रामलीला कमेटी की ओर से रामवाटिका में 26 अगस्त को शाम सात बजे से कान्हा के जीवन पर आधारित झांकियां सजाई जाएंगी। कमेटी के महामंत्री उमेश चंद्र केसरवानी के मुताबिक 26 से 31 अगस्त तक रोजाना शाम छह से साढ़े नौ बजे तक कृष्ण लीलाओं का मंचन होगा।
वेणीमाधव मंदिर में सजेंगी भव्य झांकियां
वेणीमाधव मंदिर के पुजारी सर्वदा तिवारी के मुताबिक मंदिर को फूलों से सजाया जाएगा। तरह-तरह की झांकियां सजाई जाएंगी। जन्माष्टमी पर लोक कल्याण के लिए विविध अनुष्ठान किए जाएंगे। कान्हा जन्मोत्सव के बाद आरती, कीर्तन और प्रसाद वितरण होगा। यह कार्यक्रम रात दो बजे तक चलेगा।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर खास तैयारियां की गई हैं। राधा-वेणी माधव की पोशाक और शृंगार हर किसी को आकर्षित करेगा। वृंदावन से हर दिन के लिए कान्हा की पोशाक तैयार कराई है। - जय प्रकाश,सचिव, इस्कॉन मंदिर