प्रयागराज : विदाई समारोह में बार बालाओं के साथ अश्लील डांस करने पर बिजली विभाग के जेई सस्पेंड
विभाग के अधिशासी अभियंता राज मंगल सिंह का ट्रांसफर का हुआ था। इस अवसर पर उनके सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया था। विदाई समारोह में बार बालाओं के साथ डांस करना आरपी रजक को महंगा पड़ गया।
विस्तार
बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) को बार बालाओं के साथ ठुमका लगाना भारी पड़ गया है। विभाग ने जांच में जेई को दोषी पाते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। सुलेमसराय में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता राज मंगल सिंह के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में आयोजित की गई पार्टी में अवर अभियंता आरपी रजक ने शराब और कबाब के बीच बार बालाओं के साथ अश्लील डांस किया।
पार्टी में मौजूद किसी शख्स ने इसकी वीडीयो बना डाली और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में अवर अभियंता की अश्लील हरकतें और उनकी नशे की हालत साफ दिखाई दे रही थी। सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होते ही मामला शासन तक पहुंचा, जिसपर शासन ने जवाब तलब कर लिया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों से जांच करायी गई।
जांच में आरपी रजक के डांस को अमर्यादित और अश्लील माना गया। जिसके बाद उन्हें अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार सिंह ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। जबकि वीडियो में मौजूद अन्य संविदाकर्मियों के खिलाफ भी जांच के आदेश दे दिए और उनपर भी विभागीय कार्रवाई करने की बात कही।
विभाग ने उनके कृत्य को अमर्यादित माना
बमरौली स्थित विद्युत नगरीय वितरण खंड में तैनात रहे अधिशासी अभियंता राज मंगल सिंह का कुछ दिन पहले ही स्थानांतरण हुआ था। उनको विदाई देने के लिए ही चार मई को पार्टी का आयोजन किया गया था। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो उसी पार्टी का है।
उसी विदाई समारोह में कुछ बार बालाएं भी बुलाई गई थी, जिनके साथ अवर अभियंता आरपी रजक और कुछ संविदाकर्मियों ने जमकर ठुमके लगाए थे। विभागीय अधिकारियों ने अवर अभियंता के इस कृत्य को अमर्यादित माना और उन्हें बिना किसी हिदायत दिए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही विभाग के सभी कर्मचारियों को अनुशासन में रहने की चेतावनी भी दी।
विभाग के अवर अभियंता की इस करतूत का वीडियो प्रकाश में आया था, जिसके बाद ही इसकी जांच कराई गई। जांच में अवर अभियंता समेत कुछ संविदाकर्मियों की पहचान की गई है। अवर अभियंता को तत्काल प्रभाव से संस्पेंड कर दिया गया है जबकि संविदाकर्मियों के खिलाफ भी कड़ा एक्शन लेने की तैयारी है। मामले में लिप्त सभी संविदाकर्मियों को नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा। विभाग ऐसे कृत्य को कभी माफ नहीं करेगा। सभी को अपनी मर्यादा में रहकर ही नौकरी करनी होगी। - राजीव कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता
तीर्थ पुरोहित प्रदीप पांडेय का भी वीडियो वायरल
शराब के नशे में धुत तीर्थ पुरोहित बार बालाओं के साथ कर रहे डांस का वीडियो वायरल होने पर हड़कंप मच गया है। संगम महाआरती समिति जिला प्रशासन/ मेला प्राधिकरण के व्यवस्थापक प्रदीप पांडेय का यह वीडियो छह मई का बताया जा रहा है।
वह किसी शादी समारोह में शामिल होने गए थे। सरकारी आरती के व्यवस्थापक तीर्थ पुरोहित पांडेय का इस तरह से डांस करने का वीडियो वायरल होने पर लोग कई सवाल खड़े कर रहे हैं। वह जिला प्रशासन आरती समिति में आरती का काम करने वाले युवक की शादी में शिरकत करने गए थे।
तीर्थ पुरोहित के इस कृत्य से पुरोहत समाज में काफी नाराजगी है। समाज के लोगों का कहना है कि इस कृत्य से समाज की बदनामी हो रही है। तीर्थ पुरोहितों को लोग सम्मान की नजर से देखते हैं। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह ठुमके लगाने से छवि को धक्का लगा है।