आईपीएल 2022 : 3.20 करोड़ में बिके प्रयागराज के यश दयाल, आईपीएल खेलने वाले प्रयागराज के तीसरे खिलाड़ी
यश दयाल की इस उपलब्धि पर जिले के खिलाड़ियों ने प्रसन्नता जाहिर की है। तेज गेंदबाजी से बल्लेबाजों को छकाने वाले संगम नगरी के क्रिकेटर यश दयाल ने मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में अमित पाल और कौशिक पाल से प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
विस्तार
भारतीय टीम में दस्तक देने को को तैयार बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल आईपीएल में खेलने वाले प्रयागराज के तीसरे खिलाड़ी हैं। यश से पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ और अली मुर्तजा भी आईपीएल में खेल चुके हैं।
यश को गुजरात टीम ने 3.20 करोड़ रुपये में खरीदा है, जबकि उनका बेस प्राइस 20 लाख रुपये था। इससे पहले यश वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में भारतीय टीम से जुड़े रहे। उन्होंने अभ्यास सत्र में भी हिस्सा लिया था।
शहर के कर्बला निवासी यश में दयाल को पिता को गेंदबाजी करते देख क्रिकेटर बनने का जज्बा जगा। वह करीब पांच साल की उम्र में ही पिता के साथ मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में अभ्यास के लिए जाने लगे।
बचपन में यश दयाल ने कोच बीएन अग्रवाल से गेंदबाजी का हुनर सीखा। इसके बाद स्टेडियम के क्रिकेट कोच कौशिक पाल और अमित पाल ने उनको गेंदबाजी की बारीकियां सिखाईं। जिला क्रिकेट लीग में गेंदबाजी से कहर बरपाने वाले यश ने जल्द ही प्रदेश की रणजी ट्राफी टीम में दस्तक देनी शुरू कर दी।
यश को 2017-18 में चयनकर्ताओं ने अंडर-23 टीम में शामिल किया। 21 सितंबर 2018 को उन्होंने विजय हजारे ट्राफी से अपने करियर की शुरुआत की। इसी साल एक नवंबर को रणजी ट्रॉफी और 21 फरवरी 2019 को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पदार्पण किया। यश ने मुश्ताक अली ट्रॉफी के टी-20 मैच में आठ विकेट चटकाए।
रणजी ट्रॉफी में गोवा के खिलाफ कानपुर में यश ने डेब्यू किया। वह 2019-20 में तीनों टूर्नामेंट की टीमों का हिस्सा रहे। यश दयाल ने रणजी ट्राफी में रेलवे के खिलाफ एक बार पांच विकेट भी झटके। उनकी बदौलत टीम को जीत मिली थी।
मोहम्मद कैफ ने आईपीएल में खेले हैं 29 मैच
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने आईपीएल में 29 मैच खेले हैं। वह कई अलग-अलग टीमों का हिस्सा रहे। इसके अलावा गेंदबाज अली मुर्तजा भी कई फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे।
परिवार में खुशी का माहौल
यश को आईपीएल में खेलने का अवसर मिलने पर उनके परिवार में खुशी का माहौल है। यश के पिता चंद्रपाल दयाल ने कहा कि उनको भरोसा था कि बेटा एक दिन बड़ा नाम करेगा। वह आईपीएल में शामिल हो गया है, अब वह दिन भी दूर नहीं जब बेटा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खेलेगा। मां राधा दयाल ने कहा कि उनका सपना है कि बेटा भारतीय टीम में खेले। बहन शुचि दयाल ने भी भाई की सफलता पर खुशी जताई।
यश का गेंदबाजी करियर
प्रथम श्रेणी
मैच 12, पारी 23, गेंदे 2476, 1242 रन , 45 विकेट, बेस्ट 5/48 , मैच में 9/ 121 औसत 27.60, इकोनॉमी 3.00. स्ट्राइक रेट 55.0
लिस्ट ए मैच 14, पारी 13, गेंदें 714, रन 535, विकेट 23, बेस्ट 5/31, औसत 23.26 इकोनॉमी 4.49, स्ट्राइक रेट 31.0
टी-20 मैच 15, पारी 15, गेंदें 276, रन 332, विकेट 15, बेस्ट 2 / 11, औसत 22.13, इकोनॉमी 7. 21, स्ट्राइक रेट 18.4,
यश के चयन पर एसीए ने जताया हर्ष
प्रयागराज। इलाहाबाद क्र्रिकेट एसोसिएशन ने संगमनगरी के क्रिकेटर यश दयाल को आईपीएल की गुजरात टाइटंस में शामिल किए जाने पर हर्ष जताया है। एसीए के रिसीवर डॉ. सुनील वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में यश की लगातार दूसरी उपलब्धि के लिए उन्हें, उनके परिवार व प्रशिक्षकों को बधाई दी गई।
साथ ही उम्मीद जताई कि आईपीएल के इस सत्र में यश गुजरात टाइटंस के आक्रमण की बागडोर संभालेंगे और अपनी टीम को जीत दिलाएंगे। बैठक में यश को एसोसिएशन की ओर से सम्मानित करन का भी फैसला लिया गया। बैठक में एसोसिएशन के कोऑर्डिनेटर आरपी भटनागर, यूपीसीए के डायरेक्टर ताहिर हसन, एसडी कौटिल्य, डॉ. सुरेश द्विवेदी, अखिलेश त्रिपाठी, अनुराग श्रीवास्तव, एलबी काला, डॉ. जूली ओझा , सोमेश्वर पांडेय, विभव बाजपेई आदि शामिल रहे।