होली : पर्व मनाने के बाद वापसी करने वालों की बढ़ी भीड़, अगले कई दिनों तक ट्रेनों में नहीं है जगह
प्रयागराज से नई दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस की बात करें तो इस सीजन में पहली बार उसके स्लीपर कोच में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 250 को पार गया। आनंद विहार जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस के भी स्लीपर में प्रतीक्षा सूची 139 तक पहुंच गई।
विस्तार
होली के बाद वापसी करने वाले यात्रियों की भीड़ बुधवार को लंबी दूरी की ट्रेनों में खूब उमड़ी। नई दिल्ली, मुंबई, पुणे, बंगलूरू ही नहीं रांची, भुवनेश्वर, पुरी, हावड़ा, जयपुर की ओर जाने वाली ट्रेनें भी ठसाठस रहीं। तत्काल टिकट की आस में लोग आरक्षण काउंटर पहुंचे तो वहां चंद मिनटों में ही प्रतीक्षा सूची हो गई। इससे निराश होकर लोगों रोडवेज बसों से सफर करना पड़ा। होली के बाद लौटने वालों की भीड़ का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि अगले दो-तीन दिन तमाम ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बनी है। प्रतीक्षा सूची का टिकट भी यात्रियों को उपलब्ध नहीं है।
दिल्ली के लिए तत्काल टिकट कराने प्रयागराज जंक्शन पहुंचे वीके द्विवेदी ने बताया कि सुबह आठ बजे ही स्टेशन पहुंच गए। दस बजे जब तत्काल का रिजर्वेशन शुरू हुआ तो तत्काल टिकट चंद मिनट में ही समाप्त हो गए। नैनी के राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि यूं तो रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनें भी पर्याप्त संख्या में चलाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन किसी भी ट्रेन में उन्हें दिल्ली, आनंद विहार के लिए कंफर्म बर्थ नहीं मिली।
प्रयागराज से नई दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस की बात करें तो इस सीजन में पहली बार उसके स्लीपर कोच में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 250 को पार गया। आनंद विहार जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस के भी स्लीपर में प्रतीक्षा सूची 139 तक पहुंच गई। वहीं, रीवा व पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के स्लीपर में नो रूम हो गया। कमाेवेश दिल्ली रूट की सभी ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची रही। यही हाल मुंबई, दक्षिण भारत, जयपुर रूट पर जाने वाली ट्रेनों का रहा है।
रामबाग के संदीप गुप्ता ने ट्रेनों में कंफर्म बर्थ नहीं मिलने से सिविल लाइंस से दोपहर में ही दिल्ली के लिए सीधी बस पकड़ ली। सिविल लाइंस बस स्टेशन पर गुरुग्राम जा रहे अल्लापुर के प्रवीण कुशवाहा ने कानपुर की बस पकड़ी। कहा, कानपुर से उनका बृहस्पतिवार की सुबह शताब्दी एक्सप्रेस में कंफर्म रिजर्वेशन है। वहीं, यूपी रोडवेज के सिविल लाइंस बस स्टेशन पर भी सुबह से ही पर्व मनाने के बाद अपने गंतव्य की ओर जाने वाले लोगों की भीड़ गई। इस दौरान रोडवेज ने तमाम रूट के लिए अतिरिक्त बसें संचालित कीं।