MNNIT: हाथ नहीं तो चुनौती भरी जिंदगी में सहारा बनेगी प्रोस्थेटिक आर्म, एमएनएनआईटी छात्र ने तैयार की डिवाइस
जिन लोगों के किन्हीं कारणों से एक या दोनाें हाथ नहीं हैं, उनके लिए मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) के छात्र-छात्राओं का एक शोध नई और बड़ी उम्मीदें लेकर आया है।
विस्तार
यह उपलब्धि प्रो. सुशील कुमार व प्रो. जितिन गंगवार के निर्देशन में संस्थान के रोबोटिक्स क्लब के अंतर्गत अमन शुक्ला, अवनीश साहू और उनकी टीम ने हासिल की है। टीम के अमन शुक्ला ने बताया कि प्रोस्थेटिक आर्म सेंसर आधारित है। इस आर्म को टूटे-कटे हाथ वाले हिस्से में लगाकर सेंसर की मदद से दूसरे हाथ से जोड़ दिया जाता है। इसके बाद ठीक हाथ से जो भी हरकत होगी, प्रोस्थेटिक आर्म वैसा ही काम करने लगेगी। यदि सही हाथ की मुट्ठी बंधेगी तो प्रोस्थेटिक आर्म की भी मुट्ठी बंध जाएगी।
अगर किसी के दोनों हाथ नहीं हैं तो दूसरे व्यक्ति के हाथों की मदद भी ली जा सकेगी। संबंधित शोध छात्र-छात्राओं का कहना है कि यह आर्म दूसरे कार्यों में भी इस्तेमाल की जा सकती है। उनके मुताबिक अगर गर्म या अन्य तरह की खतरनाक वस्तु को छूना या उठाना है तो सेंसर तकनीकी से लैस यह आर्म उपयोगी साबित होगी। इसके लिए बस जरूरत के अनुसार इस आर्म में इस्तेमाल मटेरियल को बदलना होगा ताकि इसे नुकसान न पहुंचे।
पुरा छात्रों की मदद से विदेश में दिखेगी मूंज उत्पादों व हथकरघा कला की धमक
एमएनएनआईटी के पुरा छात्रों की मदद से मूंज के उत्पादों व हथकरघा कला की धमक विदेश में भी दिखेगी। संस्थान के विद्यार्थियों ने शनिवार को प्रदर्शनी लगाकर रोबोटिक्स से एयरोस्पेस तकनीकी तक के ज्ञान से अवगत कराया। इनेक्टस एमएनएनआईटी की ओर से स्टॉल लगाकर प्रयागराज में मूंज से बने उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा प्रोजेक्ट नीर के तहत कुम्हार कला आदि को भी दिखाया।
पुरा छात्रों ने इन उत्पादों की खरीदारी भी की। स्टॉल लगाने वाले प्रेम कुमार, सुदिप्ता, मो. शहजाद ने बताया कि अन्य संस्थाओं में आयोजित कार्यक्रमों में भी वह इन उत्पादों को ले जाते हैं। वहां प्रदर्शन के अलावा बिक्री भी करते हैं। गांवों में लोगों को इस कला के प्रति जागरूक करते हैं। छात्रों के अलग-अलग ग्रुप की ओर से एआई, रोबोटिक्स, एयरोस्पेस आदि पर आधारित स्टॉल लगाकर पुरा छात्रों को तकनीकी दक्षता से भी परिचित कराया गया।