खुलासा : पति निकला बिटोला देवी का कातिल, तंत्रमंत्र का विरोध करने पर की थी हत्या
बिटोला देवी का चार फरवरी को गंगा कछार के रेत में दबा हुआ शव मिला था। शव के पास हंसिया बरामद हुई थी। सात महीने से पुलिस मामले की जांच में जुटी रही। इसी बीच पुलिस को कुछ ऐसा सुराग मिला, जिससे बिटोला की हत्या का शक उसके पति राम आसरे पर गया।
विस्तार
झूंसी के नीबी भतकार गांव में तीन फरवरी की रात गंगा के कछार में 45 वर्षीय बिटोला देवी की नृशंस हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके पति रामआसरे निषाद ने ही की थी। रामआसरे लकड़ी काटने के बहाने पत्नी को कछार लेकर गया था। वहां पत्नी की नृशंस हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
बिटोला देवी का चार फरवरी को गंगा कछार के रेत में दबा हुआ शव मिला था। शव के पास हंसिया बरामद हुई थी। सात महीने से पुलिस मामले की जांच में जुटी रही। इसी बीच पुलिस को कुछ ऐसा सुराग मिला, जिससे बिटोला की हत्या का शक उसके पति राम आसरे पर गया। शुक्रवार को पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। कड़ाई से वह टूट गया और हत्या की बात कुबूल की ली।
तंत्रमंत्र के कारण रिश्तेदार और गांव वाले भी घर आना कर दिए थे बंद
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि रामआसरे घर में ही एक मंदिर बना रखा था, जहां वह दिनभर तंत्रमंत्र में जुटा रहता था। इस वजह से नात-रिश्तेदारों के साथ ही गांव वाले भी घर पर आना बंद कर दिए थे। यहां तक कि उसकी बेटी भी अपने मौसी के घर पर रहने लगी थी। पति के तंत्रमंत्र से बिटोला हमेशा नाराज रहती थी। दोनों में आए दिन झगड़े भी होते थे।
वारदात वाले दिन तीन फरवरी को दोनों के बीच विवाद हुआ था। रामआसरे पत्नी को मारापीटा भी था। शाम चार बजे रामआसरे पत्नी को मनाकर लकड़ी काटने के बहाने गंगा के कछार में पहुंचा, जहां फिर से दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान रामआसरे ने हंसिया से बिटोला की हत्या कर दी। इसके बाद शव को रेत में दबा दिया।
भोर में करीब चार बजे जब वह घर लौटा। तब बेटी सोना और बेटे भारत निषाद ने उससे मां बिटोला के बारे में पूछा। तब उसने रोते हुए बताया था कि कछार में तुम्हारी मां से विवाद हो हुआ था, जिसकी हत्या कर शव रेत में दफना दिया। बच्चों से कहा कि अगर पुलिस को बताओगे तो मैं भी जेल चला जाउंगा। इसके बाद तुम लोगों का भरण-पोषण कौन करेगा, जिसकी वजह से बच्चों ने भी पुलिस को कुछ नहीं बताया था।
बेटी-बेटा ने ही खोला मां के हत्या का राज
कुछ माह पहले पिता और पुत्र दोनों घर से गायब हुए तो पुलिस का शक और गहरा गया। एसओ उपेंद्र ने बताया कि बेटे और बेटी काे बुलाकर मामले में पूछताछ करना शुरू किया गया तो वह हत्या का राज उगल दिए। इसके बाद शुक्रवार को पति रामआसरे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।