Prayagraj : पत्नी की हत्या के कातिल पति को पुलिस ने भेजा जेल, बेटी को मां और बुआ के किया हवाले
झूंसी थाना क्षेत्र के कनिहार वार्ड के चमनंगज-हेतापुर इलाके में बुधवार की रात इल्केट्रिक प्रेस से की गई युवती की निर्मम हत्या के आरोपी पति हेमंत वर्मा को पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया।
विस्तार
झूंसी थाना क्षेत्र के कनिहार वार्ड के चमनंगज-हेतापुर इलाके में बुधवार की रात इल्केट्रिक प्रेस से की गई युवती की निर्मम हत्या के आरोपी पति हेमंत वर्मा को पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया। पारिवारिक झगड़े के बाद बुधवार की रात पति हेमंत ने पत्नी स्वीटा की इल्केट्रिक प्रेस से कई बार सिर पर वार कर हत्या कर दी थी। अगले दिन बृहस्पतिवार की सुबह उसने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर घटना की जानकारी दी। बाद में झूंसी पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेज दिया। साथ ही हेमंत की बेटी एस्टर को उसकी दादी और बुआ के हवाले कर दिया है। शुक्रवार की देर शाम को युवती स्वीटा के परिजन पंजाब से झूंसी थाने पहुंचे थे। अब शनिवार को परिजनों की मौजूदगी में युवती के शव का पोस्टर्माम कराया जाएगा।
मूलत: फतेहपुर के रहने वाले हेमंत वर्मा (42) पुत्र स्वर्गीय माता प्रसाद वर्मा ने अपने झूंसी के चमनगंज-हेतापुर वाले मकान में बुधवार की रात पारिवारिक झगड़े के बाद पत्नी स्वीटा की इल्केट्रिक प्रेस से कई बार सिर पर वॉर कर निर्मम हत्या कर दी थी। इसके बाद वह दूसरे कमरे में जाकर बेटी एस्टर के साथ आराम से सो गया था। पता चला है कि पत्नी स्वीटा की निर्मम हत्या करने के बाद दूसरे दिन बृहस्पतिवार की सुबह मां और बहन के दुकान जाने के बाद कातिल पति हेमंत घंटों घर के गेट के बाहर बैठे देखा गया था।
तब भी मोहल्लेवालों को कहीं से भी ऐसा नहीं लगा था कि मकान के भीतर उसके पत्नी की खून से लथपथ शव पड़ा हुआ है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि पत्नी आए दिन छोटी-छोटी बात को लेकर झगड़ा करती थी। कई बार पत्नी ने भी उस पर भी हमला कर जख्मी कर दिया था। दोनों के बीच आए दिन होने वाले विवाद में गांव के पूर्व प्रधान ने भी कई दफे पंचायत कर समझौता कराया था।
इसके बावजूद दोनों के झगड़े और मारपीट बंद नहीं हुए। नतीजतन बुधवार की रात पति हेमंत ने पत्नी स्वीटा को मौत के घाट उतार दिया। वहीं पुलिस घटना के तीसरे दिन शुक्रवार की शाम तक युवती के परिजनों का इंतजार करती रही। हालांकि वे देर शाम को झूंसी थाने पहुंचे। एसओ झूंसी महेश मिश्र ने बताया कि शनिवार को परिजनों की मौजूदगी में युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपी कातिल पति हेमंत का शुक्रवार को चालान कर दिया गया। वहीं उसकी बेटी एस्टर को दादी मुन्नी देवी और बुआ गौरी के हवाले कर दिया गया है।