हनीट्रैप मामला : महिला यूट्यूबर के रेस्ट हाउस में ठहरने की होगी डिजिटल जांच, रिकॉर्ड खंगालने में जुटा महकमा
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) झांसी मंडल के आरपीएफ अधिकारी को हनीट्रैप में फंसाने के आरोप में गिरफ्तार महिला यूट्यूबर के प्रयागराज जंक्शन स्थित ऑफिसर रेस्ट हाउस में ठहरने के मामले की जांच अब रेलवे के डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर की जाएगी।
विस्तार
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) झांसी मंडल के आरपीएफ अधिकारी को हनीट्रैप में फंसाने के आरोप में गिरफ्तार महिला यूट्यूबर के प्रयागराज जंक्शन स्थित ऑफिसर रेस्ट हाउस में ठहरने के मामले की जांच अब रेलवे के डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर की जाएगी। रेलवे प्रशासन करीब एक माह के रेस्ट हाउस बुकिंग के दस्तावेज खंगालने में जुटा है।
जांच में दौरान पता चला था कि रेस्ट हाउस में युवती रुकी थी उसकी बुकिंग रेलवे के ही एक अधिकारी की यूजर आईडी से कराई गई थी। इस खुलासे के बाद एनसीआर के उच्च अधिकारियों ने रेस्ट हाउस की बुकिंग और आवाजाही के रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू कर दी है। एनसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि उच्च स्तर पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। दरअसल, बुधवार रात झांसी पुलिस रेस्ट हाउस से युवती को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई थी। झांसी में एक आरपीएफ अधिकारी की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के आधार पर यह कार्रवाई की गई थी।
क्या है पूरा मामला
आरपीएफ अधिकारी को परिवार की आपत्तिजनक तस्वीर-वीडियो के जरिये ब्लैकमेल कर 15 लाख रुपये मांगने के मामले में आरोपी युवती को झांसी पुलिस ने बुधवार को प्रयागराज जंक्शन से गिरफ्तार किया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी जंक्शन के एक रेस्ट रूम में ठहरी है। इसके बाद झांसी पुलिस की टीम ने खुल्दाबाद पुलिस की मदद से उसे पकड़ा।
आरोपी को खुल्दाबाद थाने लाया गया। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड की कार्रवाई कर झांसी पुलिस उसे अपने साथ ले गई। झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि कर्नाटक की रहने वाली युवती ने उनके पति और परिवार के सदस्यों की आपत्तिजनक तस्वीर-वीडियो के जरिये ब्लैकमेल करके 15 लाख रुपये मांगे थे।
महिला का आरोप है कि रकम नहीं देने पर आरोपी ने परिवार के सदस्यों की हत्या कराने और आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर बदनाम करने की धमकी दी। आरोप था कि रकम नहीं देने पर आरोपी युवती ने परिवार के सदस्यों की हत्या कराने और आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर बदनाम करने की धमकी दी।
मामले में महिला ने नवाबाद थाने में युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। खुल्दाबाद थाना प्रभारी केशव दास वर्मा ने बताया कि झांसी पुलिस ने आरोपी युवती को जंक्शन से गिरफ्तार किया है। ट्रांजिट रिमांड की कार्रवाई के बाद पुलिस उसे अपने साथ झांसी ले गई।