प्रयागराज में फूलों-फलों से सजे बंधवा के लेटे हनुमान, गूंजती रही जय जयकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धार्मिक स्थलों का लॉकडाउन खुलने के बाद मंगलवार को संगम स्थित बड़े हनुमान की रंग-बिरंगे फूलों से मोहक झांकी सजाई गई। करीब ढाई महीने के बाद यह पहला मौका था जब मंदिर में पुजारियों-सेवादारों ने मिलकर शृंगार झांकी सजाई। इस दौरान फूलोें के अलावा मौसमी फलों से भी हनुमत दरबार की सजावट की गई थी। महाआरती में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लोगों ने हिस्सा लिया।
लॉकडाउन खुलने के बाद पहले मंगलवार को बड़े हनुमान मंदिर की सजावट कर संतों-भक्तों ने यादगार बनाया। सुबह से ही मंदिर की सजावट शुरू हो गई थी। गेंदा, गुलाब, रजनीगंधा के अलावा अन्य फूलों और हरी पत्तियों से दरबार को चुन-चुन कर सजाया गया। आम, केला, तरबूज, खरबूज, चीकू समेत कई प्रकार के मौसमी फल हनुमत लला को अर्पित किए गए।
दोपहर बाद शाम चार बजे अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व मंदिर के महंत नरेंद्र गिरि महाराज की मौजूदगी में विशेष पूजा, अर्चना के बाद बड़े हनुमान की महाआरती उतारी गई। फलों और तरह-तरह की मिठाइयों और मेवे का भोग लगाया गया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग में संतों, पुजारियों और भक्तों ने आरोग्य के देवता से कोरोना महामारी के खात्मे के लिए प्रार्थना की।
महंत नरेंद्र गिरि ने बताया कि कोरोना संक्रमण में लंबे समय बाद मंदिर खुलने पर प्रथम मंगलवार को विशेष शृंगार झांकी सजाकर संतों-भक्तों का उत्साह बढ़ाया गया। साथ ही हनुमान जी से राष्ट्र में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की गई। इसी तरह सिविल लाइंस स्थित हनुमत निकेतन में भी रात आठ बजे सविधि आरती की गई।