World Heart Day : हाई ब्लड प्रेशर की समस्या वाले हर 15 दिन में ब्लड प्रेशर की कराएं जांच
नोडल अधिकारी एनसीडी सेल डॉ. राजेश सिंह ने जांच शिविर में आयोजन पर बताया कि विश्व हृदय दिवस की थीम के अनुरूप हृदय रोगों, उनके कारक व बचाव के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विश्व हृदय दिवस पर बृहस्पतिवार को जिले के अस्पतालों में विशेष रूप से हृदय रोगों की रोकथाम और प्रबंधन में सुधार के लिए अभियान चलाया गया। जिले के सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स पर यह गतिविधियां इस पर विशेष रूप से केंद्रीत की गई। इसी प्रकार शिक्षा निदेशालय के वित्त नियंत्रक कार्यालय में गैर संचारी रोगों के नियंत्रण को देखते हुए स्वस्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में लोगों के वजन, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज व मानसिक स्वास्थ्य की जांच करायी गई। इस मौके पर विशेषज्ञ, चिकित्साधिकारी एवं परामर्शदाता के माध्यम से लोगों को हृदय रोग से संबंधित जांच कर उन्हें उपचार एवं परामर्श दिया गया।
नोडल अधिकारी एनसीडी सेल डॉ. राजेश सिंह ने जांच शिविर में आयोजन पर बताया कि विश्व हृदय दिवस की थीम के अनुरूप हृदय रोगों, उनके कारक व बचाव के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया है। अगर किसी व्यक्ति को हाई ब्लडप्रेसर की समस्या है, तो हर 15 दिन में ब्लड प्रेशर की जांच कराएं। ब्लड प्रेशर कंट्रोल में न होना हार्ट अटैक के खतरे को बढ़ा देता है। स्वस्थ शरीर और दिल के लिए पूरी नींद लेना चाहिए।
एनसीडी सेल जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के जिला सलाहकार डॉ. शैलेश मौर्या व सोशल वर्कर सुमनलता त्रिपाठी ने जांच के लिए आए लोगों को तंबाकू के सेवन से होने वाले जानलेवा नुकसान के विषय में बताया व तंबाकू छोड़ने की अपील की। डॉ. शैलेश ने बताया कि खराब जीवन शैली की आदतों (धूम्रपान,शराब व गतिहीन जीवनशैली) के कारण मध्यम आयु वर्ग की आबादी समय से पहले ही दिल की समस्याओं से जूझने लगा है। तंबाकू का सेवन हृदय के साथ कई अन्य बीमारियों का कारक है। जीवन शैली में बदलाव से बहुत हद तक इससे बचा जा सकता है।
समाजसेवी सुमनलता त्रिपाठी ने बताया कि जिन लोगों को तंबाकू छोड़ने में समस्या आ रही है, वह काल्विन के कमरा नम्बर 117 में आएं और अपनी समस्या बताएं। उनका पूरा इलाज निशुल्क होगा और मनोवैज्ञानिक तौर पर तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। शिविर में रवींद्र कुमार, जिला मानसिक स्वास्थ्य से मनोवैज्ञानिक डॉ. राकेश पासवान, मनोवैज्ञानिक डॉ. ईशांया राज, डॉ. मालविका सिंह, प्रभाष चंद्र, राजेश समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
कोविड बूस्टर डोज शिविर का उद्घाटन
डफरिन अस्पताल में बृहस्पतिवार को कोविड बूस्टर डोज लगाने के लिए विशेष शिविर का आयोजन हुआ। जहां महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। महापौर ने कहा कि कोविड की गति जरूर कम हुई है, लेकिन कोविड अभी भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। यह आवश्यक है कि हम बूस्टर डोज जरूर ले तथा सरकार की ओर से जारी जरूरी निर्देशों का पालन करें। कार्यक्रम में अस्पताल की सीएमएस डॉ. नीता साहू, स्थानीय पार्षद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।