Fire In mahakumbh : शिविर में थे हीटर, ब्लोअर समेत अन्य प्रतिबंधित सामान, अब निगरानी करेंगी टीमें
सोमवार को मौका मुआयना करने के बाद डीजी फायर अविनाश चंंद्रा ने कहा कि घटनास्थल पर हीटर, ब्लोअर, इमर्सन रॉड व इलेक्ट्रक केतली के अवशेष मिले हैं। आग कैसे लगी, यह जांच का विषय है। हादसे से सबक लेते हुए हर सेक्टर में दो प्रवर्तन टीम लगाकर शिविरों से प्रतिबंधित सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
सेक्टर 19 में श्रीकरपात्र धाम, काशी व गीता प्रेस गोरखपुर के जिस शिविर में आग लगी, वहां अग्नि सुरक्षा के लिहाज से प्रतिबंधित किए गए सामान भी थे। सोमवार को मौका मुआयना करने के बाद डीजी फायर अविनाश चंंद्रा ने कहा कि घटनास्थल पर हीटर, ब्लोअर, इमर्सन रॉड व इलेक्ट्रक केतली के अवशेष मिले हैं। आग कैसे लगी, यह जांच का विषय है। हादसे से सबक लेते हुए हर सेक्टर में दो प्रवर्तन टीम लगाकर शिविरों से प्रतिबंधित सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
डीजी फायर दोपहर में पांटून पुल 12 के पास मोरी मार्ग पर स्थित शिविर में पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और मातहत अफसरों से घटना व राहत कार्य के बारे में जानकारी ली। करीब दो घंटे तक घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने अखाड़ा फायर स्टेशन में अग्निशमन विभाग अफसरों संग बैठक की।
फिर कोतवाली फायर स्टेशन व इसके बाद संगम पहुंचकर फायर बोट का डेमो देखा। शाम को मेला प्रशासन व पुलिस अफसरों संगम उन्होंने बैठक भी की। उन्होंने बताया कि अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर शिविर व टेंटों में ज्वलनशील पदार्थ प्रतिबंधित किए गए हैं। इनमें से हीटर, ब्लोअर, इमर्सन रॉड, इलेक्टट्रक केतली जैसे सामान के अवशेष वहां मिले हैं।
दोबारा ऐसी घटना न हो इसके लिए ऐसे सामान जब्त किए जाएंगे। इसके लिए पुलिस-प्रशासन व फायरकर्मियों को मिलाकर प्रवर्तन टीम बनाई जाएगी। हर सेक्टर में दो प्रवर्तन टीमें शिविरों की जांच करेंगे और प्रतिबंधित सामान मिलने पर इसे जब्तीकरण की कार्रवाई भी करेंगे। मंगलवार से ही यह अभियान शुरू कर दिया जाएगा। आग लगने के कारणों को लेकर उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है। अग्निशमन विभाग का पूरा ध्यान इस बात पर है कि दोबारा इस तरह की घटना न हो।
अतिरिक्त 100 फायरकर्मी, 20 फायर टेंडर मंगाए गए
डीजी फायर ने बताया कि मौनी अमावस्या पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में एक भी चूक से बड़ा नुकसान हो सकता है। इसी को देखते हुए अतिरिक्ति संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है। प्रदेश भर से मेले में 100 फायरकर्मी और 20 फायर टेंडर मंगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।