प्रयागराज : किन्नरों ने सरेराह तीन युवकों पर बोला हमला, जमकर पीटा, टवेरा में खींचने की कोशिश
कर्नलगंज में मजार तिराहे के पास किन्नरों के एक गुट ने शनिवार रात जमकर हंगामा किया। गाड़ी में टक्कर लगने पर लोडर चालक व उसके दो साथियों को जमकर पीटा। साथ ही अपनी गाड़ी में खींचने की भी कोशिश की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नलगंज में मजार तिराहे के पास किन्नरों के एक गुट ने शनिवार रात जमकर हंगामा किया। गाड़ी में टक्कर लगने पर लोडर चालक व उसके दो साथियों को जमकर पीटा। साथ ही अपनी गाड़ी में खींचने की भी कोशिश की। पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती, आरोपी भाग चुके थे। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।घटना रात नौ बजे के करीब हुई।
टवेरा गाड़ी में सवार होकर किन्नर फाफामऊ की ओर जा रहे थे। उधर एक लोडर भी उसी ओर जा रहा था। मजार तिराहे से पहले लोडर किन्नरों की टवेरा से छू गई जिस पर उन्होंने हंगामा कर दिया। लोडर रुकवा लिया और पहले चालक को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। उसे बचाने के लिए लोडर में बैठे दो साथी उतरे तो उन्हें भी लात-घूंसों से जमकर पीटा। इस दौरान किन्नरों के कुछ साथियों ने डंडों से तीनों की पिटाई की।
सरेराह पिटाई से वहां अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। करीब 15 मिनट तक हंगामा होता रहा। इसी दौरान किसी ने सूचना दी तो पुलिस पहुंची लेकिन तब तक मारपीट करने वाले भाग चुके थे। पिटाई में लोडर चालक व उसके दोनों साथी चोटिल भी हुए। पुलिस तीनों को थाने ले गई और फिर उन्हें मेडिकल के लिए भेजा गया। इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि पीड़ितों का मेडिकल कराया जा रहा है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो भी हुआ वायरल
जिस वक्त यह घटना हुई, उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक शख्स ने कार के भीतर से वीडियो बना लिया। कुछ देर बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया। 1.09 सेकेंड के इस वीडियो में सबसे पहले किन्नर दो युवकों को पीटते और टवेरा के भीतर खींचते नजर आते हैं। कुछ दूरी पर उनके साथी डंडा लेकर एक अन्य व्यक्ति को पीटते नजर आते हैं। साथ ही इसकी जेब से जबरन कुछ छीनने की कोशिश भी करते नजर आते हैं।