प्रयागराज। नौ माह के बाद शुरू हुई मनौरी से गोविंदपुर और असरावल खुर्द से गोविंदपुर के बीच शनिवार को सिटी बस सेवा शुरू होने के अवसर पर स्थानीय लोगों ने बस चालक एवं कंडक्टर को गुलाब का फूल भेंट किया। इस दौरान लोगों ने बस संचालन शुरू होने पर कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह को धन्यवाद भी दिया।
दरअसल सिटी बस सेवा शुरू होने की मांग यहां पिछले कई दिनों से स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही थी। कैबिनेट मंत्री से भी इस बारे में लोगों ने कहा तो उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधक से बात की। भाजपा नेता दिनेश तिवारी ने बताया कि यह सिटी बस एयरपोर्ट को भी जोड़ती है। गोविंदपुर से कचहरी, हाईकोर्ट, राजरूपुपर, झलवा, एयरपोर्ट, भगवतपुर होकर मनौरी तक इसका संचालन अब नियमित रूप से होगा। इसके अलावा गोविंदपुर से राजरूपपुर होकर असरावलखुर्द की बस सेवा शुरू होने से लोगों के बड़ी राहत मिली है। इस दौरान पार्षद मिथिलेश सिंह, आभा सिंह, आरती राय, पारस श्रीवास्तव, दीपक जायसवाल, अमित तिवारी, मुकेश तिवारी, ध्रुव तिवारी, बृजमोहन आर्य, अरुण सोनी आदि मौजूद रहे।