प्रयागराज : जर्जर मकान ढहा, एक मजदूर दबने की आशंका, SDRF भी पहुंची
शनिवार को मकान का पिछला हिस्सा तोड़ा जा रहा था जिसमें गाजीपुर निवासी मजूदर रूदल और विजय लगे थे। शाम चा बजे के करीब अचानक बारजा व दीवार समेत अन्य भाग भरभराकर ढह गए। जोरदार आवाज हुई तो मोहल्लेवाले जुट गए और फिर सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
विस्तार
शाहगंज इलेक्ट्रॉनिक मार्केट के पास स्थित जर्जर मकान ढह गया। इस दौरान वहां दो मजदूर काम कर रहे थे। इनमें से एक तो मिल गया लेकिन दूसरे का पता नहीं चला। मलबे में दबे होने की आशंका में देर रात तक एसडीआरएफ व फायरब्रिगेड तलाश में लगी रहीं। शाहगंज में सुजात खां की मोड़ के पास नूतन सिंह पत्नी अवनीश सिंह का वर्षों पुराना मकान है। मौजूदा समय में इस मकान के पिछले हिस्से में मार्केट का निर्माण चल रहा है। यह निर्माण ठेकेदार संतोष गुप्ता कर रहा है।
शनिवार को मकान का पिछला हिस्सा तोड़ा जा रहा था जिसमें गाजीपुर निवासी मजूदर रूदल और विजय लगे थे। शाम चा बजे के करीब अचानक बारजा व दीवार समेत अन्य भाग भरभराकर ढह गए। जोरदार आवाज हुई तो मोहल्लेवाले जुट गए और फिर सूचना पर पुलिस पहुंच गई। मौके पर काफी मात्रा में मलबा पड़ा हुआ था और आशंका जताई गई कि दोनों मजदूर इसके नीचे ही दब गए। हालांकि कुछ देर बाद मजदूर विजय आ गया। उसने बताया कि वह दुकान पर कुछ सामान लेने गया था। इस दौरान रूदल काम कर रहा था।
वह सामान लेकर लौटा ही था कि अचानक मकान ढह गया। वह चीखते हुए भाग निकला। हालांकि उसने रूदल को बाहर निकलते नहीं देखा। रूदल की तलाश चलती रही लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं चला। मौके पर फायरब्रिगेड के साथ ही एसडीआरएफ भी पहुंची और मलबा हटाने में जुटी रही। सीओ कोतवाली सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के कुछ देर बाद ही उन्होंने धूल से सने हुए एक व्यक्ति के बाहर निकलते देखा था। लेकिन इसके बाद वह कहां गया, इसका पता नहीं चला। फिलहाल मलबा हटवाया जा रहा है। मलबा पूरी तरह से हटने के बाद ही स्पष्ट होगा कि इसके नीचे कोई दबा है या नहीं। उधर खबर लिखे जाने तक मलबा हटाने का काम चलता रहा।