फाफामऊ में दिनदहाड़े महिला से चेन छिनैती
फाफामऊ में शनिवार दोपहर बाइक सवार बदमाश महिला की चेन छीनकर भाग निकले। महिला ने शोर मचाया तो भीड़ जुट गई। लोगों ने बदमाशों का बाइक से पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं पाए। सूचना पर फाफामऊ चौकी प्रभारी पहुंचे। पुलिस रिपोर्ट लिखकर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
शिवकुटी के सुरेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी अल्पना सिंह शनिवार क ो गांव बहरिया गईं थीं। कार से लौटते समय वह फाफामऊ बाजार में खरीदारी करने के लिए रुक गईं। वह किराना स्टोर पर वह सामान खरीद रही थीं। तभी पीछे से एक बाइक पर दो बदमाश पहुंचे। एक बदमाश बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा उतरकर दुकान पर पहुंचा और पीछे से अल्पना के गले में लटकती चेन खींच लिया और बाइक पर बैठकर भाग निकला। अल्पना ने शोर मचाया तो उनका ड्राइवर भी आ गया।
थरवई की ओर भागे बदमाशों का काफी दूर तक पीछा किया गया, लेकिन वे पकड़ में नहीं पाए। बदमाश काली पल्सर से थे। चौकी प्रभारी फाफामऊ आलोक पांडेय ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।