प्रयागराज : एमएलसी चुनाव में डुप्लीकेट वोटर की शिकायत, डीएम ने शुरू कराई जांच
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव-2026 के लिए 23 अक्तूबर को मतदान होना है, लेकिन इससे ठीक पहले मतदाता सूची में कई डुप्लीकेट मतदाताओं के शामिल होने की शिकायत की गई है।
विस्तार
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव-2026 के लिए 23 अक्तूबर को मतदान होना है, लेकिन इससे ठीक पहले मतदाता सूची में कई डुप्लीकेट मतदाताओं के शामिल होने की शिकायत की गई है। बुधवार को भाजपा नेताओं ने जब डीएम मनीष कुमार वर्मा को साक्ष्य समेत ज्ञापन सौंपा तो उन्होंने मामले की जांच शुरू करा दी। हालांकि, मतदाता सूची में संशोधन का समय अब नहीं रह गया है। ऐसे में डीएम ने डुप्लीकेट मतदाताओं को एक से अधिक जगह मतदान से रोकने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं और डुप्लीकेट मतदाताओं की अलग से लिस्ट तैयार करने के लिए कहा है।
निवर्तमान भाजपा प्रदेश महामंत्री व एमएलसी अनूप गुप्ता के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपकर डीएम को बताया गया कि इलाहाबाद-झांसी निर्वाचन खंड में प्रभावशाली स्नातक नेताओं ने दो से तीन बार एक ही नाम के मतदाता बनवा दिए हैं। 24 वर्ष से कम आयु का कोई भी व्यक्ति स्नातक चुनाव में वोट देने के लिए पात्र नहीं है लेकिन झांसी व अन्य जिलों की मतदाता सूची में मतदाताओं की उम्र बहुत कम है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सूची में जिनकी जन्मतिथि 2001, 2002, 2003, 2004 और 2005 है वे स्नातक चुनाव में मतदान की अर्हता नहीं रखते। इसके अलावा मतदाता सूची में बहुत काफी संख्या में डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं। इसके पूर्व भी ऐसे ही मतदाता सूची में बोगस मतदाताओं को शामिल किया गया था जिससे चुनाव प्रभावित हुआ था। इस बार भी इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में इस तरह की गड़बड़ी देखी जा सकती है। झांसी की मतदाता सूची में जिनकी जन्मतिथि 2002 के बाद है उनको सूची से हटाया जाए। मांग की गई कि ऐसे सभी फर्जी बोगस मतदाताओं को वोट देने से रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
यह मांग भी की गई कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी मंडलायुक्तों, जिला निर्वाचन अधिकारियों को सूचित किया जाए कि इस विषय पर ठोस कार्रवाई करें। ज्ञापन देने वालों में राज्यसभा सांसद राधाकांत ओझा, प्रदेश प्रवक्ता आशीष गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधायक शहर पश्चिमी सिद्धार्थ नाथ सिंह, आशुतोष पांडेय, राजेश गोंड आदि शामिल रहे।
मतदान केंद्र दूर बनाने की शिकायत
सपा नेता विनोद चंद्र दुबे का कहना है कि मीरापुर निवासी मतदाताओं का मतदान केंद्र सिविल लाइंस स्थित ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बना दिया गया है और सिविल लाइंस के मतदाताओं को वोट देने के लिए मीरापुर जाना होगा। उन्होंने अधिक दूरी पर मतदान केंद्र बनाने पर सवाल उठाए हैं।
दोगुने हुए मतदाता, आज रवाना होंगी मतदान दल
मतदान के लिए मतदान दल 22 अक्तूबर सुबह आठ बजे कचहरी रोड स्थित मेरी लूकस स्कूल से रवाना होंगी। प्रयागराज में 152 बूथ बनाए गए हैं। इस बार मतदाताओं की संख्या में दोगुनी बढ़ोतरी हुई है। पिछली बार इलाहाबाद-झांसी खंड निर्वाचन क्षेत्र के तहत प्रयागराज में तकरीबन 62 हजार मतदाता पंजीकृत थे जबकि इस बार एक लाख 15 हजार 19 मतदाता हैं। इनमें 79823 पुरुष और 35196 महिला मतदाता शामिल हैं।
प्रशासन की चेतावनी, दो जगह वोट पर होगी कठोर कार्रवाई
उप जिला निर्वाचन अधिकारी उपमा पांडेय ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित एक ही भाग संख्या पर मतदान करें। यह उन मतदाताओं के लिए है जिनका नाम त्रुटिवश अन्य तहसील या भाग संख्या की मतदाता सूची में पंजीकृत है। ऐसा करने से निर्वाचन शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने में सहयोग मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दो स्थानों पर मतदान करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेताओं के ज्ञापन से मतदाता सूची में डुप्लीकेट मतदाताओं के शामिल होने की शिकायत मिली है। इसकी जांच कराई जा रही है। बूथों पर ऐसी व्यवस्था की गई है कि कोई भी डुप्लीकेट मतदाता गलत तरीके से मतदान न कर सके। नियमों के तहत एमएलसी चुनाव में 16 किमी की दूरी पर मतदान केंद्र बनाने का प्रावधान है। सभी केंद्र इस नियम के तहत बनाए गए हैं। - मनीष कुमार वर्मा, जिलाधिकारी