प्रयागराज : कार सवार युवकों ने महिला से की छिनैती, मारपीट कर सड़क किनारे फेंका, अपहरण का मचा रहा हल्ला
पीड़िता ने स्वयं 112 नंबर व परिजनों को इसकी जानकारी दी। कुछ देर में पुलिस पहुंची तो उसके भाई वहां पहुंच चुके थे। सड़क किनारे मिली युवती की स्थिति काफी खराब थी वह पैदल नहीं चल पा रही थी। इंस्पेक्टर नैनी ने बताया कि महिला के साथ छिनैती हुई है।
विस्तार
लेप्रेसी-नैनी स्टेशन रोड स्थित लेप्रेसी अस्पताल व जेल की चाहरदीवारी के बीच शनिवार देर शाम एक महिला घायल अवस्था में पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची नैनी पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई। पीड़िता ने बताया कि कार सवार चार युवक उसके साथ छिनैती कर मारपीट कर उसे यहां फेंककर चले गए। हालांकि आसपास के दुकानदारों ने न तो युवती को अगवा होते देखा न ही किसी तरह की आवाज सुनीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करेली की रहने वाली शहला अंजुम शनिवार शाम लेप्रेसी चौराहा स्थित मजार में दर्शन के लिए आई थी। यहां से वह नैनी स्थित अपने प्लाॅट को देखने के लिए ई-रिक्शा से जा रही थी। जैसे ही वह लेप्रेसी-नैनी स्टेशन रोड पर पुरानी जेल काॅलोनी के पास पहुंची थी किसी बात को लेकर रिक्शे से उतर गई और पैदल जाने लगी। आरोप है कि इसके बाद कार सवार चार युवक उसे वहां से पहुंचे और उसके साथ छिनैती करने के बाद मारपीट कर उसे जेल दीवार के बगल सौ मीटर अंदर झांड़ियों में फेंककर चले गए।
पीड़िता ने स्वयं 112 नंबर व परिजनों को इसकी जानकारी दी। कुछ देर में पुलिस पहुंची तो उसके भाई वहां पहुंच चुके थे। सड़क किनारे मिली युवती की स्थिति काफी खराब थी वह पैदल नहीं चल पा रही थी। इंस्पेक्टर नैनी ने बताया कि महिला के साथ छिनैती हुई है। वह अंगूठी व ढाई हजार रुपये छीने जाने की बात बता रही है। घटना की सच्चाई के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग की जांच की जाएगी।
दिनभर गुजरते है वाहन, लेकिन किसी ने घटना नहीं देखी न सुनी आवाज
लेप्रेसी-नैनी स्टेशन रोड़ पर दिनभर दो पहिया व चार पहिया वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। घटना जिस स्थान पर हुई उससे दौ सौ मीटर दूर पुरानी जेल काॅलोनी व उसके पास बस्ती है। वहीं सौ मीटर पहले अस्पताल अधीक्षक का बंग्ला है, जहां दिनभर सुरक्षा कर्मी मौजूद रहते हैं। लेकिन युवती के साथ हुई घटना के बारे में किसी न सुना न ही देखा। पुलिस ने आसपास के दुुकानदारों से मामले को लेकर पूछताछ की। वहां भी घटना के बारे में किसी ने जानकारी से इन्कार किया।