Prayagraj News : सिविल लाइंस थाने के पास स्कूटी सवारों ने फिर की बमबाजी, मची रही अफरातफरी
जहां यह घटना हुई, वह जगह सिविल लाइंस थाने से बमुश्किल 150 मीटर की दूरी पर है। सूचना मिली तो पुलिस सक्रिय हुई और फिर पूरे शहर में नाकेबंदी के आदेश दिए गए।
विस्तार
सिविल लाइंस थाने के आसपास का इलाका एक बार फिर बमबाजी से थर्रा उठा। स्कूटीसवार बदमाशों ने सुबह बिशप जॉनसन स्कूल गेट पर बम फोड़कर दहशत फैला दी। इसके बाद वहां से भाग निकले। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने घेराबंदी कर कुछ घंटों बाद उन्हें हिरासत में ले लिया। उनसे देर रात तक पूछताछ की जाती रही।
घटना सुबह 11 बजे के करीब हुई। रोज की तरह बिशप जॉनसन स्कूल में पढ़ाई चल रही थी और गेट बंद था। तभी हाईकोर्ट की तरफ से स्कूटीसवार तीन लोग आए। स्कूल के सामने पहुंचते ही सबसे पीछे बैठे व्यक्ति ने चलती स्कूटी से ही दो बम फेंके। एक बम सीधे गेट पर लगते ही जोरदार धमाका हुआ जिससे वहां दहशत फैल गई। साथ ही कुछ देर के लिए चारों ओर धुआं भी फैल गया। जबकि दूसरा बम नहीं फटा।
उधर हमलावर घटना के बाद पत्थर गिरिजाघर की ओर भाग निकले। गौरतलब है कि जहां यह घटना हुई, वह जगह सिविल लाइंस थाने से बमुश्किल 150 मीटर की दूरी पर है। सूचना मिली तो पुलिस सक्रिय हुई और फिर पूरे शहर में नाकेबंदी के आदेश दिए गए। कुछ देर बाद घेराबंदी कर स्कूटीसवार तीनों हमलावरों को हिरासत में ले लिया गया।
इसके बाद इन्हें कैंट थाने ले जाया गया जहां एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ सिविल लाइंस भी पहुंचे और उनसे पूछताछ की। देर रात तक पुलिस उनकी तलाश में लगी रही। उधर सीओ सिविल लाइंस अभिषेक भारती ने बताया कि स्कूटीसवार तीन युवकों ने बमबाजी की है। उनकी तलाश की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनसे पूछताछ जारी है।
स्कूटी से हटा दी थी नंबर प्लेट
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो हमलावरों की तस्वीर मिली। जांच पड़ताल में यह भी पता चला कि घटना में काले रंग की स्कूटी प्रयुक्त हुई। साथ ही इसकी आगे और पीछे दोनों तरफ की नंबर प्लेट हटा दी गई थी। उधर सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने एक बम भी बरामद किया।
बीएचएस वाली घटना में भी प्रयुक्त हुई थी स्कूटी
सूत्रों का कहना है कि हिरासत में लिए गए तीनों युवकों ने पूछताछ में कई अहम राज उगले हैं। इस बात की भी आशंका है कि उक्त लोगों ने ही चार दिन पहले ब्वॉयज हाईस्कूल गेट पर बमबाजी की वारदात को अंजाम दिया हो। दरअसल सीसीटीवी फुटेज से पता चला था कि उस घटना में भी हमलावरों ने स्कूटी का ही इस्तेमाल किया था। इसी तरह तेलियरगंज में 16 जुलाई को महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर स्कूल गेट पर हुई बमबाजी में भी इन्हीं का हाथ होने की आशंका है।
तीनों नाबालिग, 15 लोगों का है गैंग, तलाश में दबिश
सूत्रों का यह भी कहना है कि पूछताछ में तीनों ने यह बात बताई है कि उनका कुल 15 लोगों का गैंग है। खास बात यह है कि तीनों नाबालिग हैं और छात्र भी हैं। उनसे मिली जानकारी के आधार पर उनके साथियों की तलाश में पुलिस टीमें देर रात तक दबिश देती रहीं।