UP : अवैध स्कूल के संचालन की सूचना छिपाने पर बीईओ निलंबित, एडी बेसिक ने की कार्रवाई
स्कूल के नाम पर अवैध वसूली कराने और कक्षाओं के संचालन की गलत रिपोर्ट प्रेषित के आरोपों की जांच के बाद बीईओ को निलंबित कर दिया गया है।
विस्तार
स्कूल के नाम पर अवैध वसूली कराने और कक्षाओं के संचालन की गलत रिपोर्ट प्रेषित के आरोपों की जांच के बाद बीईओ को निलंबित कर दिया गया है। कन्नौज के विकासखंड ताल ग्राम के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) रमेश चंद्र चौधरी पर अपर शिक्षा निदेशक बेसिक कामता राम पाल ने कार्रवाई की है।
पानीपत (हरियाणा) के मधई के ग्राम नगला निवासी बदन सिंह की शिकायत के बाद बीईओ के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए थे। जांच में सामने आया कि कन्नौज के तालग्राम क्षेत्र के डंबर पुर्वा अमोलर में प्री-प्राइमरी से कक्षा पांच तक के करीब 400 बच्चों के लिए अवैध रूप से राजकुमारी मेवाराम आदर्श विद्यालय संचालित किया जा रहा था।
दिसंबर 2023 में तत्कालीन बीएसए उपासना रानी वर्मा ने विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी किया था। मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र चौधरी को सौंपी गई। आरोप है कि उन्होंने विद्यालय संचालकों की मिलीभगत से दो जनवरी 2024 को दी गई जांच रिपोर्ट में प्राइमरी स्तर के संचालन को छिपाते हुए केवल कक्षा छह से 10 तक विद्यालय संचालन की बात लिखी थी। एक से पांच तक कक्षा संचालन का जिक्र नहीं किया था।
इसके बाद अवैध रूप से संचालित विद्यालय को बंद करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। जुलाई-2025 में बीएसए संदीप कुमार ने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ अवैध रूप से कक्षाएं संचालित करने की एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके अलावा विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने के अन्य आरोपों के आधार पर भी खंड शिक्षा अधिकारी को निलंबित किया गया है।
प्रधानाध्यापिका से कमीशन मांगने पर बीईओ को नोटिस, सात दिन में देना होगा जवाब
विद्यालय के मरम्मत कार्य के लिए जारी चार लाख 62 हजार रुपये का 20 फीसदी, कमीशन नहीं देने पर कन्नौज जिले के प्रधानाध्यापिका को परेशान करने का मामला सामने आया है। अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) कामता राम पाल ने कन्नौज जिले के विकास खंड सौरिख के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) विश्वनाथ पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
पिपरिया प्राथमिक विद्यालय प्रधानाध्यापिका कल्पना पाल ने 24 अप्रैल 2026 को दिसंबर-2025 में उनके विद्यालय के मरम्मत कार्य के लिए 4,62,796 रुपये की धनराशि प्राप्त हुई थी। इसमें 20 फीसदी कमीशन खंड शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ पाठक मांगने लगे। मना करने पर 25 मार्च 2026 को उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और कहा कि मैडम रुपये नहीं देंगी तो आपको ऐसे ही परेशान किया जाएगा। इस 20 फीसदी में बीएसए और डीसी का भी हिस्सा है। इसके तीन महीने बाद उन्होंने बाल्य देखभाल अवकाश के लिए आवेदन किया, जिसे बीईओ ने चार बार निरस्त कर दिया गया।
22 अप्रैल को बीएसए ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उनके अवकाश पर होने के बावजूद भी निलंबित करने की धमकी दी गई। अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) कामता राम ने बताया कि स्पष्टीकरण मिलने के बाद बीएसए और बीईओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।