Prayagraj : ट्रिपलआईटी में गोली ही लगी थी बीटेक छात्र को, मेडिकल परीक्षण में हुई पुष्टि
इस घटना के बाद सवाल भी खड़े हो रहे हैं। एक सवाल यह है कि आखिर संस्थान परिसर के भीतर असलहा कैसे पहुंचा। सवाल यह भी है कि गोली किसने और क्यों चलाई। ट्रिपलआईटी के पीआरओ पंकज मिश्रा का कहना है कि छात्र कैसे घायल हुआ, इसका पता नहीं चल सका।
विस्तार
झलवा स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान में शनिवार को बीटेक छात्र गोली लगने से ही जख्मी हुआ था। मेडिकल परीक्षण में इसकी पुष्टि हुई है। हालांकि, पुलिस गोली लगने की जानकारी से रविवार को भी इन्कार करती रही। इस मामले में कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई। पुलिस का तर्क है कि कोई तहरीर नहीं मिली है। उधर, घायल छात्र का एसआरएन अस्पताल में दूसरे दिन भी इलाज जारी रहा।
घायल छात्र अनिकेत जाट (20) जयपुर का रहने वाला है। वह ट्रिपलआईटी, जबलपुर का छात्र है और शनिवार दोपहर जख्मी हुआ था। चर्चा थी कि उसे गोली लगी। सूत्रों का कहना है कि मेडिकल जांच में यह स्पष्ट हो गया कि उसकी दाहिने जांघ में गोली लगी थी। ऑपरेशन कर डॉक्टरों ने गोली बाहर निकाल दी है। हालांकि, पुलिस गोली लगने की जानकारी से दूसरे दिन भी इन्कार करती रही।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह यही कहते रहे कि अभी स्पष्ट नहीं है कि छात्र कैसे जख्मी हुआ। जख्म फायर आर्म इंजरी का है या किसी अन्य चीज से, इसका भी पता नहीं चल सका है। वह तहरीर मिलने की बात से भी इन्कार करते रहे। उनका कहना है कि फिलहाल न तो संस्थान की ओर से कोई तहरीर मिली है और न ही घायल छात्र ने कोई शिकायत की।
बड़ा सवाल? परिसर में कैसे पहुंचा असलहा, क्यों चलाई गोली
इस घटना के बाद सवाल भी खड़े हो रहे हैं। एक सवाल यह है कि आखिर संस्थान परिसर के भीतर असलहा कैसे पहुंचा। सवाल यह भी है कि गोली किसने और क्यों चलाई। ट्रिपलआईटी के पीआरओ पंकज मिश्रा का कहना है कि छात्र कैसे घायल हुआ, इसका पता नहीं चल सका। मौके पर जो भी लोग मौजूद थे, उन्हें कोई आवाज नहीं सुनाई दी। छात्र के जख्मी होने की जानकारी पर उसे अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराया जा रहा है। सुरक्षा प्रबंध और कड़े कर दिए गए हैं। साथ ही परिसर में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया गया है। खेल स्पर्धा का आयोजन चल रहा है।
छात्र बोला- नहीं पता कैसे लगी चोट
उधर, एसआरएन अस्पताल में भर्ती छात्र भी यही कहता रहा कि उसे नहीं पता कि चोट कैसे लगी। उसने सिर्फ इतना बताया कि सूरत और वड़ोदरा की टीम के बीच वॉलीबाॅल मैच चल रहा था। अन्य छात्रों के साथ वह भी मैच देख रहा था। तभी उसे चोट लग गई। उसने बताया कि वह बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है। उसके पिता का नाम गोवर्धन है।