UP: रेलवे ट्रैक पर मिला लोहे का रॉड, इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ड्राइवर ने रोकी मुंबई सुपरफास्ट
प्रयागराज के घूरपूर में मंगलवार रात वाराणसी से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनल तक जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस को चालक ने इमरजेंसी ब्रेक मारकर अचानक रोक दिया। रेलवे ट्रैक पर करीब 15 फीट लंबा लोहे की राड रखी गई थी। सूचना मिलते ही महकमे में हलचल मच गई।
विस्तार
प्रयागराज-मुंबई रेलमार्ग पर मंगलवार की रात एक बड़ा ट्रेन हादसा होते-होते टल गया। इरादतगंज-लिंक जंक्शन रेलखंड के सरंगापुर रेलवे फाटक के पास 1344/ 46 रेलवे ट्रैक पर लोहे का रॉड (पाइप) मिलने से हड़कंप मच गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही गाड़ी संख्या 12167 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस के लोको पायलट (चालक) की नजर ट्रैक पर पड़ी वस्तु पर गई। चालक आरके खरे ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे रफ्तार भर रही ट्रेन सुरक्षित रुक गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना मंगलवार रात करीब पौने नौ बजे की है। लोको पायलट आरके खरे की सूझबूझ के कारण ट्रेन को समय रहते रोक लिया गया। इसके तुरंत बाद उन्होंने कंट्रोल रूम को मामले की जानकारी दी कि रेलवे ट्रैक पर एक लोहे का पाइप रखा हुआ है। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी की टीम में खलबली मच गई और आनन-फानन में सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। आरपीएफ ने ट्रैक पर रखे तकरीबन आठ फीट के लोहे के रॉड को अपने कब्जे में ले लिया है। इस अफरा-तफरी के बीच सुपरफास्ट एक्सप्रेस करीब छह मिनट तक घटनास्थल पर खड़ी रही और ट्रैक क्लियर होने के बाद ही उसे आगे के लिए रवाना किया गया।
इस मामले को लेकर शुरुआती तौर पर अधिकारियों का कहना है कि किसी विक्षिप्त व्यक्ति द्वारा ट्रैक पर पाइप रखे जाने की संभावना है, लेकिन इस पूरे मामले में किसी साजिश के पहलू को भी नकारा नहीं जा रहा है। आरपीएफ ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, ताकि सच सामने आ सके। बताया जा रहा है पाइप अंदर से खोखला है ।
गौरतलब है कि प्रयागराज और उसके आसपास के रेलमार्गों पर पहले भी ट्रेन पलटाने या बाधित करने की साजिशें रची जा चुकी हैं। ऐसे में इस ताजा घटना ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। अधिकारी इस बात की बारीकी से तफ्तीश कर रहे हैं कि यह किसी शरारती तत्व या विक्षिप्त का काम था, या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी थी। फिलहाल, सुरक्षा बलों ने ट्रैक के आसपास गश्त बढ़ा दी है।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा जांच की जा रही है। मौके पर एक खोखला लोहे का पाइप पाया गया है। फिलहाल आरपीएफ ने रेलवे एक्ट के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। - अमित कुमार सिंह, पीआरओ, प्रयागराज मंडल।
जिस स्थान से लोहे का खोखला पाइप मिला है उसे चिह्नित कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच चल रही है। एक दो दिन में पूरी जांच रिपोर्ट सामने आने की उम्मीद है। - दीपक कुमार आजाद, सीनियर डीएससी, प्रयागराज मंडल