Prayagraj : नौ महीने से फरार माफिया के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई, भारी संख्या में पुलिस फोर्स रही तैनात
प्रदेश के टॉप 50 अपराधियों की लिस्ट में शामिल व कुख्यात माफिया गंजिया निवासी मो. जावेद उर्फ पप्पू गंजिया के खिलाफ बुधवार को कुर्की की कार्रवाई हुई। नौ महीने से फरार नैनी थाने के इस हिस्ट्रीशीटर के गंजिया स्थित घर पर पहुंचकर पुलिस ने कार्रवाई की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश के टॉप 50 अपराधियों की लिस्ट में शामिल व कुख्यात माफिया गंजिया निवासी मो. जावेद उर्फ पप्पू गंजिया के खिलाफ बुधवार को कुर्की की कार्रवाई हुई। नौ महीने से फरार नैनी थाने के इस हिस्ट्रीशीटर के गंजिया स्थित घर पर पहुंचकर पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान पीएसी भी मौजूद रही। 20 दिसबंर को पुलिस ने उसके खिलाफ कोर्ट के आदेश पर 82 की कार्रवाई की थी। मुनादी करते हुए उसके घर कुर्की की कार्रवाई से संबंधित नोटिस चस्पा किया था। निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी हाजिर नीं होने पर पुलिस की ओर से कोर्ट में अर्जी देकर कुर्की की कार्रवाई की अनुमति मांगी गई थी। जिस पर बुधवार को सुनवाई करते हुए कोर्ट ने अनुमति प्रदान कर दी।
इसके बाद आदेश मिलते ही नैनी पुलिस व एक सेक्शन पीएसी लेकर एसीपी करछना अजीत सिंह चौहान गंजिया स्थित उसके घर पहुंच गए। सबसे पहले घर में मौजूद सामान बाहर निकाला गया और उनकी सूची बनाई गई। इसके बाद कुर्की की कार्रवाई की गई। सामान जब्त करते हुए कब्जे में ले लिया गया। बता दें कि दो साल पहले माफिया के गंजिया स्थित फार्म हाउस का ध्वस्तीकरण भी कराया जा चुका है।
यह है मामला
डांडी निवासी विशाल यादव ने दो मई को पप्पू गंजिया, मो. अजमल व एक अज्ञात के खिलाफ पांच लाख रंगदारी मांगने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। उसने गंगोत्री नगर में एक प्लाॅट लिया था। इसी को लेकर रंगादारी मांगी गई थी। आरोप यह भी है कि डरा-धमकाकर उससे पहले ही 7.45 लाख रुपए आरोपी ले चुके थे। मुकदमा दर्ज होने के बाद से माफिया फरार है। उस पर 25 हजार का इनाम भी रखा गया है।
रिश्तेदार से पूछा, कहां है माफिया
कार्रवाई के दौरान घर में मात्र एक रिश्तेदार मिला। इस दौरान पुलिस ने उससे पूछा कि पप्पू गंजिया कहां है। हालांकि वह कोई जानकारी नहीं दे पाया। साथ ही जब्त किए गए सामान की सूची पर मौजूदा लोगों से दस्तखत भी कराया।
करोड़ों का मकान, मिला सिर्फ आठ हजार का सामान
माफिया मोहम्मद जावेद उर्फ पप्पू गंजिया के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के दौरान एक चौंकाने वाली बात सामने आई। उसके करोड़ों के आलीशान मकान में पुलिस को सिर्फ आठ हजार का सामान मिला। इसमें मेज-कुर्सी, बाल्टी व अन्य घरेलू सामान ही शामिल थे। यानी कार्रवाई से पहले ही मकान से बेशकीमती सामान हटा लिए गए थे। तीन घंटे तक चली कार्रवाई के बाद पुलिस जब वापस चली तो उसके पास दो छोटे मालवाहक वाहन में कुल 25 नग सामान ही थे। लगभग ढाई हजार स्क्वॉयर फीट क्षेत्रफल भूमि में बने माफिया के दो तल के आलीशान मकान में आधा दर्जन कमरे हैं।
पप्पू गंजिया जिस शानेशौकत से रहता था, वह किसी से छिपा नहीं है। लेकिन जब बुधवार को पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई शुरू की तो जो सामान मिला, उसे देखकर लोग चौंक गए। पुलिस ने एक-एक कमरे की तलाशी ली लेकिन केवल आलमारी, मेज, कुर्सी, प्लास्टिक की बाल्टी, चटाई, डिब्बा, प्लास्टिक बोतल, छोटा ड्रम, बड़ा बक्सा, शॉवर व कुछ अन्य सामान ही मिल सका। सूत्रों का कहना है कि 20 दिसंबर को 82 की कार्रवाई के बाद से ही यहां से बेशकीमती सामान हटाने का सिलसिला शुरू कर दिया गया था।
पप्पू के खिलाफ दर्ज हैं कुल 42 मुकदमे
इनामी पप्पू गंजिया नैनी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर कुल 42 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें नैनी कोतवाली में दर्ज 37 मुकदमों के साथ ही घूरपुर के एक, कोतवाली के दो व धूमनगंज थाने का भी एक मुकदमा शामिल है।