यातायात : मिनटों में फुल हो गईं तत्काल की सीटें, आज रहेगी सीजन की सर्वाधिक भीड़
रामबाग निवासी विनय अग्रवाल तीन नवंबर के लिए दिल्ली का रिजर्वेशन करवाने शनिवार को रामबाग स्टेशन पहुंचे। उन्होंने बताया कि तत्काल रिजर्वेशन शुरू हुआ तो तीन से चार मिनट में ही दिल्ली जाने वाली सभी ट्रेनों में सीटें भर गईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिवाली मनाने के बाद अब वापसी करने वालों की राह मुश्किल हो गई है। अगले कई दिन तक ट्रेनों में कंफर्म बर्थ उपलब्ध नहीं होने से यात्री परेशान हैं। जिन्हें रविवार को वापसी करनी है उन लोगों ने शनिवार को तत्काल टिकट के लिए प्रयास किया, इसमें से कुछ को सफलता भी मिली। तत्काल कोटे के टिकट शनिवार को तीन से चार मिनट में ही फुल हो गए।
रामबाग निवासी विनय अग्रवाल तीन नवंबर के लिए दिल्ली का रिजर्वेशन करवाने शनिवार को रामबाग स्टेशन पहुंचे। उन्होंने बताया कि तत्काल रिजर्वेशन शुरू हुआ तो तीन से चार मिनट में ही दिल्ली जाने वाली सभी ट्रेनों में सीटें भर गईं।
यही स्थिति प्रयागराज जंक्शन के आरक्षण काउंटर की रही। यहां अल्लापुर के बृजेश श्रीवास्तव दिल्ली के लिए रिजर्वेशन करवाने पहुंचे। जब तक उनका नंबर आता तत्काल कोटे की सभी सीटें फुल हो गईं। वहीं, बताया जा रहा है कि रविवार को ट्रेनों में सीजन की सर्वाधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है। प्रयागराज एक्सप्रेस के एसी-टू में लंबे समय बाद तीन नवंबर को नो रूम हो गया है। एसी-थ्री में भी प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 70 के पार है।
इसी तरह 22435 वंदे भारत एक्सप्रेस के चेयर कार में भी रविवार को प्रतीक्षा सूची 190 के पार है। शिवगंगा, रीवा और हमसफर एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में भी दिल्ली के लिए लंबी प्रतीक्षा सूची है। वहीं, देहरादून एक्सप्रेस भी रविवार को एसी थ्री में 86 तो स्लीपर में 135 तक प्रतीक्षा सूची हो गई है। संगम एक्सप्रेस और नौचंदी एक्सप्रेस में भी अगले कुछ लंबी प्रतीक्षा सूची ही है।
दिवाली मनाने के बाद शनिवार से ही लोगों ने वापसी शुरू कर दी। इस वजह से दिल्ली, मुंबई, जयपुर, चेन्नई, अहमदाबाद रूट की सभी ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची रही। प्रयागराज से दिल्ली के लिए चलाई जा रही एसी स्पेशल ट्रेन में भी वेटिंग चल रही है।
दोपहर से ही बढ़ने लगी बसों में भीड़
सिविल लाइंस बस स्टेशन पर भी शनिवार दोपहर से ही यात्रियों की आवाजाही बढ़नी शुरू हो गई। पूर्वांचल के तमाम जिलों की ओर जाने वाली बसों में काफी यात्री गए। दोपहर तीन बजे के आसपास जौनपुर और आजमगढ़ जाने वाले बसें यात्रियों की संख्या के मुकाबले कम पड़ गई। इस वजह से वर्कशॉप में खड़ी रिजर्व बसों को लगाया गया। लखनऊ, अयोध्या रूट की भी बसें यहां से भरी गईं।