अतीक के शार्प शूटर आबिद, गुर्गे अकबर का मकान जमींदोज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
- बम्हरौली स्थित दोनों के आलीशान मकानों पर पीडीए ने चलवाए बुलडोजर
माफिया पर सख्ती बरतने के क्रम में बृहस्पतिवार को एक और बड़ी कार्रवाई हुई। राजूपाल हत्याकांड, मरियाडीह दोहरे हत्याकांड समेत कई सनसनीखेज मामलों में आरोपी और अतीक अहमद के बेहद करीबी शॉर्प शूटर आबिद प्रधान व गुर्गे अकबर का बम्हरौली स्थित मकान जमींदोज करा दिया गया। प्रयागराज विकास प्राधिकरण(पीडीए) की टीम ने करीब छह घंटे की कार्रवाई में दोनों मकान पूरी तरह से ढहा दिए। दोनों ने दबंगई के बल पर बिना नक्शा पास कराए अवैध तरीके से निर्माण कराया था।
बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे के करीब धूमनगंज स्थित बम्हरौली चौकी पर फोर्स का जमावड़ा शुरू हो गया, तभी कयास लगने लगे कि माफिया के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई होने वाली है। आधे घ्ंाटे बाद पीडीए की टीम अतीक के बेहद करीबी मरियाडीह के प्रधान पति आबिद के बम्हरौली लालबिहारा स्थित दो मंजिला मकान के बाहर पहुंच चुकी थी। टीम ने मौके पर मिले परिजनों को घर से सामान बाहर निकालने को कहा।
करीब डेढ़ घंटे बाद टीम ने तीन बुलडोजरों से मकान के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद करीब छह घंटे तक चली कार्रवाई में मकान को पूरी तरह से मलबे में तब्दील कर दिया गया। उधर, दोपहर बाद पीडीए की एक टीम फोर्स संग बम्हरौली में ही जीटी रोड पर स्थित अतीक के एक अन्य गुर्गे अकबर पुत्र नूरुद्दीन निवासी मरियाडीह के घर पहुंची और फिर उसके भी दो मंजिला मकान को जमींदोज कर दिया।
तीन दर्जन मुकदमे हैं प्रधान पर, अकबर पर 20
अतीक गिरोह के सक्रिय सदस्य आबिद व अकबर हार्ड कोर अपराधी और धूमनगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। आबिद पर जहां 34 मामले दर्ज हैं वहीं अकबर पर 20 मुकदमे। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी मांगने समेत अन्य धाराओं में दर्ज केस शामिल हैं। राजूपाल हत्याकांड, अल्कमा-सुरजीत हत्याकांड समेत कई सनसनीखेज मामलों में भी दोनों का नाम शामिल है।
चौकी फूंकने, सिपाही से एके-47 लूट में भी नामजद
आबिद मरियाडीह गांव का प्रधान रह चुका है और वर्तमान में उसकी पत्नी प्रधान है। 2012 में मरियाडीह बवाल में भी वह आरोपी है। जुआरियों को पकड़ने गई टीम पर हमले के बाद उपद्रवियों ने बम्हरौली पुलिस चौकी फूूंकने के साथ ही एक अफसर के गनर की एके-47 लूट ली थी। उस पर पिछले साल भी रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज हुआ था। आबिद के दामाद व कभी अतीक के करीबी रहे जैद ने ही पिछले साल खुद को देवरिया जेल में ले जाकर पीटने का आरोप लगाते हुए अतीक समेत 15 लोगों पर केस दर्ज कराया है।
800 वर्ग गज में निर्माण, करोड़ों में कीमत
पीडीए ने बताया कि बम्हरौली स्थित आबिद के जिस मकान को तोड़ा गया, उसे करीब 800 वर्ग गज भूमि में बनाया गया था। जिसकी कीमत 10-12 करोड़ के आसपास है। आलीशान मकान में कीमती पत्थर भी लगवाए गए थे। उधर अकबर के मकान का निर्माण 250 वर्ग गज भूमि में हुआ था। अफसरों का कहना है कि जमीन के स्वामित्व की भी जांच कराई जाएगी कि कहीं यह इस पर भी अवैध कब्जा तो नहीं।