अनुप्रिया पटेल बोलीं : 2024 में 2014 से बेहतर प्रदर्शन करेगा NDA गठबंधन, हताश और निराश दल शामिल हैं INDIA में
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2024 में एनडीए का गठबंधन फिर से सत्ता में वापसी करेगा। इस बार की जीत 2014 से भी बेहतर होगी। उन्होंने राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव लड़ने पर भी जवाब दिया और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा।
विस्तार
अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन पूर्ण बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगा। 2024 के चुनाव में एनडीए 2014 से ज्यादा अच्छा प्रदर्शन करेगा। कहा कि इंडिया एलायंस निराश और हताश लोगों का गठबंधन है। राजनीति में बने रहने के लिए यह एलायंस बनाया गया है। इनका जनता की समस्याओं से दूर-दूर तक कोई लेना देना नहीं है। अनुप्रिया पटेल सोमवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन में शामिल दल लंबे समय से सत्ता से बाहर हैं। जनता इनको लगातार नकार रही है। इससे यह घोर निराशा में हैं। राजनीति में बने रहने के लिए यह लोग इंडिया नाम से गठबंधन बनाकर देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। इनके मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। इंडिया गठबंधन का कोई भविष्य नहीं है।
राहुल गांधी के सवाल पर अनुप्रिया ने कहा कि यह उनकी पार्टी का निर्णय है कि वह कहां से चुनाव लड़ेंगे। प्रियंका चुनाव लड़ें या न लड़ें यह उनकी पार्टी तय करेगी। लोकतंत्र में सबको चुनाव लड़ने और प्रत्याशी उतारने का अधिकार है। इस पर किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। फैसला तो जनता करेगी। कौन कितना जनता से जुड़ा है इसका फैसला चुनाव में हो जाएगा। एनडीए के प्रत्याशी यूपी में जहां भी लड़ेंगे विजय हासिल करेंगे
यूपी में सभी सीटों पर जीतेंगे गठबंधन के प्रत्याशी
कहा की यूपी की सभी 80 सीटों पर एनडीए गठबंधन के प्रत्याशियों की जीत होगी। यह जीत 2014 से भी बड़ी होगी। क्योंकि मोदी के नेतृत्व में भारत की अंतराष्ट्रीय छवि में इजाफा हुआ है। भारत एक सशक्त राष्ट्र बनकर उभर रहा है। एनडीए का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। राष्ट्रीय लोकदल समेत जो भी पार्टियां एनडीए में शामिल होना चाहती हैं उनका स्वागत है। उन्हें देश के विकास और 2047 तक भारत को विकसित बनाने का जो एनडीए ने सपना देखा है उसमें अपना सहयोग देना चाहिए।
सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि सपा को लगातार पराजय का सामना करना पड़ रहा है। यूपी की जनता उन्हें हर चुनाव में नकार रही है। यूपी में सपा की सत्ता में वापसी की दूर-दूर तक कोई संभावना नहीं है।
कांग्रेस को तय करना है कि राहुल और प्रियंका कहां से लड़ेंगे
राहुल गांधी के सवाल पर अनुप्रिया ने कहा कि यह उनकी पार्टी का निर्णय है कि वह कहां से चुनाव लड़ेंगे। प्रियंका चुनाव लड़ें या न लड़ें यह उनकी पार्टी तय करेगी। लोकतंत्र में सबको चुनाव लड़ने और प्रत्याशी उतारने का अधिकार है। इस पर किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। फैसला तो जनता करेगी। कौन कितना जनता से जुड़ा है इसका फैसला चुनाव में हो जाएगा। एनडीए के प्रत्याशी यूपी में जहां भी लड़ेंगे विजय हासिल करेंगे। उनके सामने चाहे कोई भी प्रत्याशी हो। कहा कि अपना दल एस का तेजी से विस्तार हो रहा है। दूसरे राज्यों में पार्टी के विस्तार का फैसला पार्टी की बैठक में लिया जाएगा। फिलहाल उनका पूरा ध्यान पार्टी को यूपी में मजबूती पर है।